दिल्ली में प्रतिबंधित पटाखों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन! सदर बाजार से जामा मस्जिद तक दुकानें सील

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (04 November 2026): दीपावली से पहले दिल्ली में प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्देशों के अनुपालन में राजस्व विभाग की टीमों ने सदर बाजार, कुतुब रोड, तेलीवाड़ा और जामा मस्जिद समेत पुरानी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों और उनके गोदामों को सील किया गया, जबकि सड़क किनारे पटाखे बेचने वालों से प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई।

सदर बाजार में दो दुकानें और गोदाम सील

सदर बाजार क्षेत्र में पुरानी दिल्ली के डीएम के नेतृत्व में चलाए गए निरीक्षण अभियान के दौरान दो दुकानों और उनके संबंधित गोदामों में बिना आवश्यक लाइसेंस पटाखों का कारोबार किए जाने तथा प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री की जानकारी सामने आई। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों दुकानों और उनके गोदामों को सील कर दिया।

वहीं, सदर बाजार के तेलीवाड़ा चौक पर सड़क किनारे पटरी लगाकर पटाखे बेचने वाले विक्रेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए गए।

जामा मस्जिद में ग्रीन पटाखों के साथ बिक रहे थे प्रतिबंधित पटाखे

प्रशासन की कार्रवाई जामा मस्जिद क्षेत्र तक भी पहुंची। सुप्रीम कोर्ट के 29 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के अनुपालन में चांदनी चौक के कार्यपालक मजिस्ट्रेट और एसडीएम की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक दुकान में ग्रीन पटाखों के साथ गैर-ग्रीन पटाखों की बिक्री का मामला सामने आया। अधिकारियों ने तत्काल दुकान को सील कर दिया।

प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण पर प्रशासन का जोर

प्रशासन का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और अवैध भंडारण पर रोक लगाना, वायु गुणवत्ता में सुधार करना और त्योहार के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

दिल्लीवासियों से अपील—नियमों के दायरे में मनाएं दीपावली

प्रशासन ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि दीपावली का पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित नियमों, अनुमत ग्रीन पटाखों की श्रेणियों और निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन करें। प्रतिबंधित पटाखों की खरीद, बिक्री और इस्तेमाल से बचें, ताकि त्योहार की खुशियों के साथ दिल्ली की हवा को भी स्वच्छ रखा जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।