प्रदूषण के खिलाफ दिल्ली सरकार का बड़ा कदम, सीएम आतिशी ने किया बस डिपो का निरीक्षण
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (07 दिसंबर 2024): दिल्ली की सीएम आतिशी ने शुक्रवार को बुराड़ी स्थित डीटीसी के इलेक्ट्रिक बस डिपो का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डिपो में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और कर्मचारियों के लिए मौजूद सुविधाओं का जायजा लिया।
सीएम आतिशी ने कहा कि दिल्ली प्रदूषण की समस्या से जूझ रही है, खासकर सर्दियों में। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में “आप” सरकार ने प्रदूषण कम करने के लिए इलेक्ट्रिक बसों को प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया, “आज दिल्ली में करीब 2,000 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं, जो इसे दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी ई-बस फ्लीट बनाती है। जल्द ही दिल्ली इस मामले में पहले स्थान पर होगी।”
चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की सफलता
सीएम ने बताया कि दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसें इसलिए सफल हो रही हैं क्योंकि सरकार ने उनके लिए जरूरी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है। बुराड़ी डिपो में 32 फास्ट चार्जिंग स्टेशन हैं, जो बसों को सिर्फ एक घंटे में चार्ज कर 150 किमी तक चलने लायक बनाते हैं। डिपो में ऑटोमेटेड वाशिंग सिस्टम और ड्राइवर-कंडक्टर के लिए कॉमन रूम जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं।

डीटीसी को बताया दिल्ली की लाइफलाइन
निरीक्षण के दौरान सीएम आतिशी ने डीटीसी के ड्राइवरों और कंडक्टरों से संवाद किया। उन्होंने कहा, “डीटीसी दिल्ली की लाइफलाइन है। इसके ड्राइवर और कंडक्टर रोजाना 40 लाख से अधिक लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं और शहर की अर्थव्यवस्था को गति देते हैं।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि “आप” सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है।
160 बसों की क्षमता वाला बुराड़ी डिपो पूरी तरह इलेक्ट्रिक है। यहां मौजूद अत्याधुनिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर दिल्ली के ई-बस अभियान की रीढ़ है।
सीएम आतिशी ने कहा कि यह कदम दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने और यातायात को बेहतर करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।