बाबा साहब के सपनों को पूरा करने के लिए रिस्क उठाना जरूरी: गोपाल राय | ऐसा कौन सा रिस्क?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (07 दिसंबर 2024): दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर कॉलेज में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महा परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में भाग लिया। उन्होंने बाबा साहब के संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की और उनके विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया।

गोपाल राय ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों से लड़ते हुए देश के भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा, “बाबा साहब का सिर्फ नाम लेने से कुछ नहीं होगा। हमें उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए रिस्क उठाना पड़ेगा। देश को आगे बढ़ाने के लिए सच बोलने और डर को दूर करने की जरूरत है।”

मंत्री ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष और आत्मबल का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इतिहास में अक्सर केवल संपन्न और सम्मानित वर्ग के व्यक्तियों के योगदान को प्रमुखता दी गई है, लेकिन डॉ. अंबेडकर ने विपरीत परिस्थितियों में भी समाज के लिए असाधारण योगदान दिया। उनके विचार और संघर्ष भारत के इतिहास का अमिट हिस्सा हैं।

गोपाल राय ने कहा कि भारत में संसाधनों और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। देश के युवा आज दुनियाभर में अपनी बौद्धिक क्षमता का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारे पास बाबा साहब द्वारा दिया गया संविधान है, जो देश की विविधता को एकजुट कर उसे आगे बढ़ाने का मार्गदर्शन करता है।”

समारोह में मंत्री ने युवाओं से साहस और ईमानदारी के साथ जीवन जीने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “सिर्फ अपने जीवन के लिए नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए भी हमें योगदान देना होगा। जो लोग डरकर जीते हैं, वे इतिहास में कोई नई उपलब्धि हासिल नहीं कर सकते।”

मंत्री ने अंत में सभी को बाबा साहब के विचारों पर चलने और उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए संकल्प लेने की अपील की।

टिप्पणियाँ बंद हैं।