नोएडा प्राधिकरण की बैठक में ग्रामीण समस्याओं पर चर्चा, समाधान के निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (28 फरवरी, 2025): नोएडा प्राधिकरण द्वारा “नोएडा आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत 27 फरवरी 2025 को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सिविल, जल/सीवर, भूलेख, जन स्वास्थ्य और उद्यान विभागों से जुड़ी कुल 17 मांगें रखी गईं। इनमें से 6 सिविल, 5 जल/सीवर, 3 भूलेख, 2 जन स्वास्थ्य और 1 उद्यान से संबंधित थीं।

ग्रामीणों ने सड़कों की मरम्मत, नालों की सफाई, जलभराव की समस्या, सीवर कनेक्शन, डिस्पेंसरी निर्माण और कूड़ा निस्तारण जैसी कई समस्याओं को सामने रखा। बैठक के दौरान अधिकारियों ने इन समस्याओं को गंभीरता से लिया और उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। सड़क और नालों की सफाई को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द काम पूरा करने का आदेश दिया गया। पीने के पानी की पाइपलाइन को सही करने, सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराने और जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

भूलेख से जुड़ी मांगों में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे हटाने और शमशान घाट का विस्तार करने की मांग की गई, जिस पर अधिकारियों ने उचित निर्णय लेने की बात कही। गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के लिए डिस्पेंसरी बनाने, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराने की मांग भी बैठक में रखी गई, जिसे जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया।

बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिया कि तत्काल जरूरी कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और अन्य कार्यों के लिए समयसीमा तय की जाए। ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाएगा ताकि गांवों में मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध हो सकें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।