दिल्ली नगर निगम की बैठक पर विवाद, भाजपा ने की कार्यवाही रद्द करने की मांग

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (26 फरवरी 2025): दिल्ली नगर निगम की 25 फरवरी, मंगलवार को हुई बैठक को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने इस बैठक को अवैध करार देते हुए इसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने नगर निगम आयुक्त अश्वनी कुमार को एक वीडियो रिकॉर्डिंग भेजकर अनुरोध किया कि इस बैठक की कार्यवाही को रद्द और अवैध घोषित किया जाए। भाजपा का आरोप है कि महापौर महेश खिंची ने बिना संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किए बैठक शुरू कर दी और मनमाने तरीके से फैसले ले लिए।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि निगम सदन की बैठक 25 फरवरी को दोपहर 2 बजे बुलाई गई थी, लेकिन महापौर महेश खिंची 1:59 बजे ही सदन में पहुंच गए। वीडियो रिकॉर्डिंग के अनुसार, महापौर ने संवैधानिक कोरम पूरा किए बिना ही ठीक 2 बजे बैठक की कार्यवाही शुरू करवा दी। उस समय निगम आयुक्त अपनी कुर्सी पर मौजूद नहीं थे, जिसके बाद ‘आप’ पार्षदों ने अतिरिक्त आयुक्त पर आयुक्त की कुर्सी पर बैठने का दबाव बनाया, लेकिन उन्होंने इसे मानने से इनकार कर दिया। इस दौरान भाजपा पार्षदों ने जब बैठक में प्रवेश किया और आपत्ति जताई तो महापौर ने जल्दबाजी में बिना एजेंडा पढ़े ही प्रस्ताव पास करने का ऐलान कर दिया।

भाजपा अध्यक्ष ने वीडियो के आधार पर दावा किया कि महापौर ने नेता सदन मुकेश गोयल पर एजेंडा रखने का दबाव डाला, लेकिन जब कोई एजेंडा पढ़ा ही नहीं गया तो यह स्पष्ट है कि कोई प्रस्ताव वैध रूप से पारित नहीं हुआ। भाजपा का आरोप है कि महापौर ने बिना किसी चर्चा और प्रक्रिया के मात्र तीन मिनट से भी कम समय में बैठक समाप्त कर दी और एजेंडा पारित करने का दावा कर दिया। पार्टी का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया नियमों के खिलाफ है और इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए।

भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का उल्लंघन करार देते हुए निगम आयुक्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इस अवैध बैठक को मान्यता दी गई तो वे इसके खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन इस विवाद के चलते दिल्ली नगर निगम की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।