बैकडोर से राज्यसभा में एंट्री की जुगत में अरविंद केजरीवाल?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (26 फरवरी 2025): दिल्ली की राजनीति में CAG रिपोर्ट को लेकर घमासान मचा हुआ है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी (AAP) और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि CAG रिपोर्ट को लंबे समय तक विधानसभा में पेश होने से रोका गया। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल सरकार इस रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं करना चाहती थी, क्योंकि इसमें उनके कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार के कई गुनाह उजागर हो रहे हैं। लेकिन अब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे विधानसभा में पेश कर दिया है, जिससे जनता को सच्चाई पता चल गई है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही यह वादा कर चुके थे कि दिल्ली में भाजपा की सत्ता आते ही CAG रिपोर्ट को सामने लाया जाएगा। भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि AAP सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से इस रिपोर्ट को दबाने की कोशिश की ताकि उनके घोटालों पर पर्दा डाला जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा दिल्ली में पारदर्शिता और सुशासन लाने के लिए प्रतिबद्ध है, और भ्रष्टाचार से जुड़ी हर जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।

भाजपा नेता ने आगे आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल अब अपनी छवि बचाने के लिए नए राजनीतिक दांव-पेंच खेल रहे हैं। केजरीवाल अपने राज्यसभा सांसदों के सरकारी आवास खाली करवा रहे हैं और उन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही, उन पर बैकडोर से राज्यसभा में प्रवेश पाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है। भाजपा ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ करार देते हुए AAP की नीयत पर सवाल खड़े किए हैं।

CAG रिपोर्ट को लेकर भाजपा और AAP के बीच सियासी लड़ाई और तेज हो सकती है। भाजपा का कहना है कि अब भ्रष्टाचार के मामलों पर केजरीवाल सरकार को जवाब देना होगा, जबकि AAP इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बता रही है। दिल्ली विधानसभा में इस मुद्दे पर बहस और हंगामे की संभावना बढ़ गई है। आने वाले दिनों में यह विवाद और गहरा सकता है, जिससे दिल्ली की सियासत में बड़ा उथल-पुथल देखने को मिल सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।