दिल्ली में पानी के बिलों पर बड़ी राहत, 5.66 लाख उपभोक्ताओं का ₹3,618 करोड़ सरचार्ज माफ
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (24 November 2026): दिल्ली जल बोर्ड की लेट पेमेंट सरचार्ज (LPSC) छूट योजना के तहत लाखों उपभोक्ताओं को बड़ी आर्थिक राहत मिली है। अब तक 5,66,349 घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। इन उपभोक्ताओं को कुल 3,618.73 करोड़ रुपये के सरचार्ज से राहत दी गई है, जबकि दिल्ली जल बोर्ड ने बकाया बिलों के मूलधन के रूप में 1,076.15 करोड़ रुपये की वसूली की है।
दिल्ली सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, कुल 13,39,018 पात्र घरेलू उपभोक्ताओं में से 5,48,074 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ उठाया है। घरेलू श्रेणी में करीब 41 प्रतिशत उपभोक्ताओं की भागीदारी दर्ज की गई है। इस श्रेणी में 1,886.89 करोड़ रुपये का सरचार्ज माफ किया गया है, जबकि 854.54 करोड़ रुपये के मूलधन की वसूली हुई है।
वहीं, व्यावसायिक श्रेणी के 70,312 पात्र उपभोक्ताओं में से 18,275 उपभोक्ता योजना का लाभ उठा चुके हैं। इस श्रेणी में करीब 26 प्रतिशत भागीदारी दर्ज की गई है। व्यावसायिक उपभोक्ताओं को 1,731.84 करोड़ रुपये की सरचार्ज छूट दी गई है, जबकि 221.61 करोड़ रुपये का मूलधन प्राप्त हुआ है।
दिल्ली के जल मंत्री एवं दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष प्रवेश साहिब सिंह ने कहा, “इस योजना की सबसे उत्साहजनक बात यह है कि उपभोक्ता बिना किसी दबाव के स्वेच्छा से अपने पुराने बकाया बिलों का भुगतान करने के लिए आगे आ रहे हैं। यह दिखाता है कि जब लोगों को राहत का एक सार्थक अवसर दिया जाता है, तो वे अपनी लंबित देनदारियों को चुकाने के लिए तत्पर होते हैं।”
जल मंत्री ने बताया कि सभी पात्र उपभोक्ताओं तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए E-KYC अभियान जारी है। सरकार का उद्देश्य उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ बकाया मूलधन की वसूली सुनिश्चित करना है।
सरकार के मुताबिक, मूलधन की वसूली से दिल्ली जल बोर्ड की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और राजधानी में जलापूर्ति, सीवर नेटवर्क तथा अन्य आवश्यक जनसेवाओं में सुधार के प्रयासों को गति मिलेगी।
दिल्ली सरकार ने अब तक योजना का लाभ नहीं उठाने वाले पात्र घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द अपनी E-KYC पूरी कर सरचार्ज छूट का लाभ उठाने की अपील की है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।