जेवर एयरपोर्ट में सपा सरकार बनी थी बाधा, 2047 तक सत्ता से बाहर रहेगी : केशव प्रसाद मौर्य
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (25/11/2026): जेवर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कनारसी में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की 117वीं जयंती पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने डॉ. रत्नप्पा कुम्हार के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया। समारोह में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जेवर एयरपोर्ट के निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार बनने के बाद जब जेवर में एयरपोर्ट निर्माण के प्रयास शुरू हुए, तब उत्तर प्रदेश की तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार ने इसमें बाधाएं खड़ी की थीं। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश सरकार की ओर से विकास कार्यों में लगातार अड़चनें डाली जाती थीं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र और 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद डबल इंजन सरकार ने विकास कार्यों को नई गति दी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। देश की सुरक्षा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों के जरिए दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि देश आतंकवाद मुक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को लेकर कहा कि वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 ही नहीं, बल्कि 2047 तक भी अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे और समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी नहीं कर सकेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने का उनका सपना भी कभी पूरा नहीं होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।