सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे की चर्चा तेज, कांग्रेस के लिए प्रस्तावित 26 सीटों में जेवर भी शामिल

हिमांशु शर्मा (शोधार्थी), सीनियर रिपोर्टर, टेन न्यूज़ नेटवर्क

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (24 November 2026): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सपा के सूत्रों के हवाले से सामने आई खबरों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्तावित सूची में गौतमबुद्ध नगर जिले की जेवर विधानसभा सीट का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। हालांकि, सीट बंटवारे को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

गौतमबुद्ध नगर की नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा सीटों में से केवल जेवर का नाम इस सूची में शामिल होने से स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यदि इस प्रस्ताव पर दोनों दलों के बीच सहमति बनती है, तो जेवर में गठबंधन की ओर से कांग्रेस अपना प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारेगी।

सपा ने कांग्रेस को इन 26 सीटों का दिया प्रस्ताव

रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट।

कांग्रेस पहले 181 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुकी थी, जिसके बाद उसने अपनी मांग घटाकर करीब 130 सीटों तक सीमित कर दी है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने शुरुआती दौर में 26 सीटों का प्रस्ताव रखा है। अन्य सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है।

कभी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं धीरेंद्र सिंह

जेवर विधानसभा सीट का राजनीतिक इतिहास भी बेहद दिलचस्प है। वर्तमान भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह वर्ष 2012 में कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, उस चुनाव में उन्हें बसपा प्रत्याशी वेदराम भाटी से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद धीरेंद्र सिंह भाजपा में शामिल हुए और वर्ष 2017 तथा 2022 में लगातार दो बार विधायक निर्वाचित हुए।

सपा के स्थानीय टिकट दावेदारों का क्या होगा?

यदि जेवर विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में जाती है, तो समाजवादी पार्टी से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे स्थानीय नेताओं की भूमिका भी बदल सकती है। वहीं, कांग्रेस के भीतर टिकट की दावेदारी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

कांग्रेस के लिए स्थानीय संगठन को सक्रिय करने के साथ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल स्थापित करना भी महत्वपूर्ण होगा।

2022 से अलग होंगे इस बार के सियासी समीकरण

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जेवर सीट से सपा-रालोद गठबंधन ने अवतार सिंह भड़ाना को चुनावी मैदान में उतारा था। अब राष्ट्रीय लोकदल एनडीए का हिस्सा है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन का स्वरूप पिछले चुनाव से अलग होगा। वहीं, बसपा की भूमिका पर भी नजर रहेगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, किसानों का मुआवजा, भूमि अधिग्रहण, स्थानीय युवाओं को रोजगार, औद्योगिक विकास और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याएं भी जेवर के चुनावी विमर्श में अहम मुद्दे रह सकते हैं।

फिलहाल सभी की निगाहें सपा और कांग्रेस के बीच चल रही सीट बंटवारे की बातचीत पर टिकी हैं। देखना होगा कि अंतिम सूची में भी जेवर का नाम बरकरार रहता है या नहीं और यदि यह सीट कांग्रेस को मिलती है, तो पार्टी यहां किस चेहरे पर दांव लगाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।