सेक्टर-53 में रातभर ओवरफ्लो होती रही पानी की टंकी, सड़कों और गलियों में भरा पानी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Noida News (25 November 2026): नोएडा के सेक्टर-53 में पानी की टंकी ओवरफ्लो होने के कारण रातभर टंकी परिसर, मुख्य सड़क और ब्लॉक-बी की कई गलियों में जलभराव की स्थिति बनी रही। इस घटना को लेकर आरडब्ल्यूए-53 ने नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के अधिकारियों से शिकायत करते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
आरडब्ल्यूए-53 के महासचिव ई. वीरेंद्र सिंह नेगी के अनुसार, 24 नवंबर की रात से 25 नवंबर की सुबह तक सेक्टर-53 की मुख्य पानी की टंकी से पानी ओवरफ्लो होता रहा। इसके चलते टंकी परिसर के साथ आसपास की मुख्य सड़क और ब्लॉक-बी की गली नंबर-7 में पानी भर गया। बी-72 से बी-66, बी-67, बी-68, बी-69, बी-70 और बी-71 तक के मकानों के आसपास भी जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने इस घटना के लिए टंकी संचालन में ऑपरेटर की कथित लापरवाही को जिम्मेदार बताया है।
आरडब्ल्यूए महासचिव ने कहा कि पानी की टंकी परिसर में जल एवं सीवर विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लगभग 10 से 15 परिवार रहते हैं। इसके बावजूद पूरी रात टंकी से पानी ओवरफ्लो होता रहा। ऐसे में सवाल उठता है कि टंकी परिसर में रहने वाले और ड्यूटी पर तैनात संबंधित कर्मचारियों की निगरानी एवं सामूहिक जिम्मेदारी आखिर किसकी है? लगातार पानी बहने और जलभराव से परिसर और आसपास रहने वाले लोगों के लिए किसी बड़े हादसे का खतरा भी पैदा हो सकता था।
उन्होंने वरिष्ठ प्रबंधक एवं एग्जीक्यूटिव इंजीनियर प्रदीप जी, असिस्टेंट इंजीनियर एवं एसडीओ शिव शक्ति जायसवाल तथा जूनियर इंजीनियर उपेंद्र पांडेय से मांग की है कि ड्यूटी में लापरवाही के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर समयबद्ध लिखित कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि टंकी ओवरफ्लो होने के कारण पहले भी सेक्टर के विभिन्न ब्लॉकों के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
इसके अलावा आरडब्ल्यूए ने पानी की टंकी की सफाई और परिसर में नई बोरिंग के दौरान निकलने वाली मिट्टी, मलबे और गंदे पानी के निस्तारण की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। शिकायत के अनुसार, सफाई और बोरिंग के दौरान निकलने वाला मलबा एवं मिट्टी मुख्य नाले और ब्लॉक-बी की गली नंबर-7 में बी-72 से बी-80 तथा बी-71, बी-70, बी-69 और बी-68 के आसपास डाल दिया जाता है। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन और साफ-सफाई संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
ई. वीरेंद्र सिंह नेगी ने जल विभाग के अधिकारियों से दोनों समस्याओं का सामूहिक रूप से स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सेक्टर-53 की समस्याओं के समाधान में जूनियर इंजीनियर उपेंद्र पांडेय लगातार प्रयास करते रहे हैं, लेकिन अब टंकी ओवरफ्लो और सफाई-बोरिंग के मलबे से जुड़ी समस्याओं के लिए स्थायी व्यवस्था जरूरी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।