रामाज्ञा स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिक खेल दिवस

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (25 फरवरी 2025): ग्रेटर नोएडा स्थित रामाज्ञा स्कूल ने अपने वार्षिक खेल दिवस का आयोजन बड़े उत्साह और जोश के साथ किया। इस अवसर पर पूरा स्कूल परिसर खेल भावना, उमंग और जोश से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आलोक नागर, डेल्टा टू के अध्यक्ष बॉबी भाटी और उपाध्यक्ष रिंकू भाटी के आगमन के साथ हुआ।

खेल दिवस के दौरान छात्रों ने अपनी खेल प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। दौड़ प्रतियोगिता, बैंड डिस्प्ले, मार्च पास्ट, ट्रैक इवेंट, स्कूल ड्रिल, हूला हूप्स, तीरंदाजी और ताइक्वांडो जैसे विविध खेलों में छात्रों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। उनके ऊर्जावान और प्रभावशाली प्रदर्शनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों को खेलते और प्रतिस्पर्धा करते देख अभिभावकों के चेहरे गर्व से खिल उठे।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल श्रेष्ठता त्रिपाठी, शिक्षकगण और अभिभावक छात्रों का उत्साहवर्धन करने के लिए उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पदक और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि मानसिक मजबूती के लिए भी आवश्यक हैं। उन्होंने यह देखकर प्रसन्नता व्यक्त की कि लड़कियां भी बढ़-चढ़कर खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रही हैं।

इसके साथ ही, मुख्य अतिथि ने स्कूल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए प्रिंसिपल श्रेष्ठता त्रिपाठी को बधाई दी। इस विशेष अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, शहर के गणमान्य नागरिक और सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे। खेल दिवस का यह आयोजन न केवल छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि उनमें टीम भावना और अनुशासन का भी संचार किया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।