नोएडा की सोसाइटी में 19वीं मंजिल से गिरकर 11वीं की छात्रा की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (24/11/2026): नोएडा के सेक्टर-100 स्थित लोटस स्पेशिया सोसाइटी में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 16 वर्षीय छात्रा की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। छात्रा 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और अपने परिवार के साथ सोसाइटी के टावर-34 में रहती थी। घटना के बाद सोसाइटी में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा की पहचान दीक्षिता के रूप में हुई है। वह अपने पिता अभिनव दुबे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ फ्लैट नंबर 1902 में रहती थी। मंगलवार सुबह करीब 3 बजे वह 19वीं मंजिल स्थित अपने फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गई। नीचे मौजूद सुरक्षा गार्ड ने घटना की जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पारिवारिक स्तर पर किसी बात को लेकर छात्रा को डांटे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सेक्टर-39 थाना पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन की जांच करने के साथ ही परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है, ताकि घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस के मुताबिक, छात्रा के पिता एक निजी कंपनी में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं और परिवार मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।