नोएडा समेत तीनों प्राधिकरणों के खिलाफ महापंचायत करेगी भाकियू, किसानों की मांगों पर आंदोलन तेज

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (23/11/2026): गौतमबुद्ध नगर के किसानों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को नोएडा के नलगढ़ा स्थित संगठन कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के खिलाफ किसान महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा करने के साथ पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

बैठक की अध्यक्षता सवेरा मास्टर ने की, जबकि संचालन जेवर जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर और सुनील प्रधान ने किया। इसमें जिले की विभिन्न तहसीलों, ब्लॉकों और गांवों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान किसानों की लंबे समय से लंबित समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही महापंचायत को सफल बनाने के लिए गांव स्तर पर संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने पर जोर दिया गया।

भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि किसान अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन पर विकास परियोजनाएं बनाई जा रही हैं, लेकिन उन्हें उनके अधिकारों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड, बैकलीज, रोजगार और उचित मुआवजा किसानों की प्रमुख मांगें हैं। संगठन कई बार अधिकारियों के साथ वार्ता कर चुका है और ज्ञापन भी सौंपे गए हैं, लेकिन अब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर लिखित निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने बताया कि प्रस्तावित महापंचायत की तैयारियों के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। किसानों से ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ महापंचायत में पहुंचने की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण के वर्षों बाद भी किसानों को अपने अधिकारों और आबादी भूखंडों के लिए प्राधिकरणों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। महापंचायत की तारीख और स्थान की घोषणा जल्द की जाएगी।

बैठक में सुरेंद्र नागर ने भी किसानों की प्रमुख मांगों को उठाया। उन्होंने 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंडों का आवंटन, बैकलीज, पुश्तैनी आबादी से जुड़े मामलों का निस्तारण, उचित मुआवजा और नए भूमि अधिग्रहण कानून के तहत लाभ देने की मांग की। इसके अलावा प्रभावित किसान परिवारों के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा गांवों में सड़क, नाली, पेयजल और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि न्यू नोएडा सहित तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों के किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए।

बैठक के अंत में किसान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित महापंचायत को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। इस दौरान राजे प्रधान, राजीव मलिक, संदीप एडवोकेट, जितेंद्र बैरागी, गौरव बैरागी, अनिल, राकेश, बिट्टू भाटी, प्रेम सिंह चंदीला, मास्टर सुबे राम और धर्मपाल सिंह स्वामी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।