दिल्ली (25 फरवरी, 2025): दिल्ली विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्रसंघ (DUSU) के नेतृत्व में एक विशाल प्रदर्शन हुआ, जिसमें हजारों छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे। DUSU अध्यक्ष रोनक खत्री के नेतृत्व में यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे आर्ट्स फैकल्टी के पास शुरू हुआ, जहां छात्रों ने अपनी सुविधाओं और अधिकारों की मांग को लेकर नारेबाजी की।
इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं में सुधार और छात्रों की जरूरतों को पूरा कराना है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी कक्षाओं में एसी और सोलर पैनल लगाए जाएं, साथ ही ठंडे पानी के कूलर की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा, सभी कॉलेजों में मुफ्त जिम की सुविधा देने, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और खेल के मैदानों की बुकिंग पर कोई शुल्क न लगाने की भी मांग उठाई गई। छात्रों ने पोलो ग्राउंड के नवीनीकरण और 10 नए खेलों को शामिल करने की भी मांग रखी।
शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने, हॉस्टल और कॉलेज फीस में हुई बढ़ोतरी को वापस लेने और साउथ कैंपस, कालकाजी व आउटर कॉलेजों के लिए बस सेवा शुरू करने की भी मांग उठाई गई। इसके अलावा, छात्रों ने नए अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट हॉस्टल बनाए जाने और DUSU में सभी गैर-DUSU कॉलेजों एवं विभागों को शामिल करने की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय में पंजीकृत मुफ्त ई-रिक्शा सेवा शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे छात्रों को कैंपस में आवागमन में सुविधा होगी।
DUSU अध्यक्ष रोनक खत्री ने छात्रों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आंदोलन का हिस्सा बनें और अपने हक के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन इन मांगों पर ध्यान नहीं देता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।