Uttar Pradesh News (22 November 2026): उत्तर प्रदेश में आज रविवार, 22 नवंबर को शाम 6 बजे राज्यव्यापी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी 75 जिलों में युद्ध या किसी अन्य आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा जाएगा। निर्धारित समय पर हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन बजाया जाएगा और इसके बाद कई इलाकों में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद की जाएगी। इससे शहरों और कस्बों में अस्थायी रूप से अंधेरा छा जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक मॉक ड्रिल है, इसलिए सायरन की आवाज सुनकर लोगों को घबराने या किसी तरह की अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।
इस राज्यव्यापी अभ्यास के तहत शाम ठीक 6 बजे करीब दो मिनट तक एयर रेड सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में घरों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखी जाएंगी। लोगों से इन्वर्टर और अन्य रोशनी के साधनों का इस्तेमाल भी निर्धारित अवधि तक नहीं करने की अपील की गई है। इस दौरान नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। मॉक ड्रिल समाप्त होने पर ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा, जिसके बाद सामान्य गतिविधियां दोबारा शुरू की जा सकेंगी।
राजधानी लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में इस अभ्यास का विशेष आयोजन होगा, जहां पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत से जुड़ी टीमें अपनी तैयारियों का प्रदर्शन करेंगी। अभ्यास के दौरान हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में खोज एवं बचाव अभियान चलाने, आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उन्हें अस्पताल तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ होने वाली इस मॉक ड्रिल में करीब एक लाख सिविल डिफेंस स्वयंसेवक भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी अपनी भूमिका निभाएंगी।
नागरिक सुरक्षा विभाग के मुताबिक, यह अभ्यास भारत सरकार के गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युद्ध, हवाई हमले या किसी बड़े आपातकाल के दौरान सरकारी एजेंसियों और आम नागरिकों की तैयारियों का आकलन करना है। प्रशासन यह भी जांचेगा कि आपातकालीन चेतावनी मिलने पर संबंधित विभाग कितनी तेजी से सक्रिय होते हैं और राहत एवं बचाव कार्यों को किस तरह अंजाम देते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शाम 6 बजे सायरन बजने पर परेशान न हों, निर्धारित समय तक बिजली और रोशनी के साधन बंद रखें तथा अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।