New Delhi News (22 November 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कुछ महीने पहले देशवासियों को सोना खरीदने से बचने की दी गई सलाह अब चर्चा में है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस दूरदर्शी सलाह के लिए उनका आभार जताया है। CTI का कहना है कि प्रधानमंत्री की सलाह से लाखों ज्वेलर्स, कारोबारियों और निवेशकों को भारी आर्थिक नुकसान से बचने में मदद मिली। संगठन के मुताबिक, उस समय सोने का भाव करीब 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलो था, जो अब गिरकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलो रह गया है। यानी सोने की कीमत में करीब 65 लाख रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है।
CTI ने अपने पत्र में कहा है कि अगर उस समय प्रधानमंत्री की सलाह को नजरअंदाज कर ज्वेलरी कारोबारियों ने बड़े पैमाने पर सोना खरीदकर स्टॉक किया होता, तो आज उन्हें प्रति किलो करीब 65 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ता। देशभर में लाखों ज्वेलरी कारोबारी कई-कई महीनों का सोने का स्टॉक रखते हैं। ऐसे में कीमतों में आई इस गिरावट से कारोबारियों को भारी नुकसान हो सकता था। संगठन का दावा है कि प्रधानमंत्री की सलाह से केवल बड़े ज्वेलर्स ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन और ऑफलाइन कारोबार करने वाले छोटे ट्रेडर्स तथा शेयर बाजार के निवेशक भी संभावित नुकसान से बच गए। CTI के अनुसार, उसके व्यापारिक समूहों में कारोबारी प्रधानमंत्री की सलाह के लिए उनका आभार जता रहे हैं।
चैंबर ने यह भी कहा है कि सोने की कीमतों में गिरावट का फायदा आम उपभोक्ताओं और शादी वाले परिवारों को मिल रहा है। फिलहाल शादी का सीजन चल रहा है और सोना सस्ता होने से परिवारों को आभूषण खरीदने में राहत मिल रही है। CTI के मुताबिक, करीब 52 लाख शादियों वाले इस सीजन में सोने की कीमतों में कमी से बड़ी संख्या में परिवारों को कम कीमत पर सोना खरीदने का अवसर मिल रहा है। संगठन ने कहा कि जिस सलाह का शुरुआत में कुछ कारोबारियों ने विरोध किया था, आज वही ज्वेलर्स और व्यापारी प्रधानमंत्री के फैसले को सही मान रहे हैं।
22 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में CTI ने भविष्य में भी सोने-चांदी जैसे संवेदनशील बाजारों को लेकर समय-समय पर मार्गदर्शन देने का आग्रह किया है। संगठन का कहना है कि समय पर मिलने वाली सरकारी सलाह से सट्टेबाजी और जमाखोरी जैसी गतिविधियों पर नियंत्रण रखने तथा कारोबारियों को संभावित नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है। पत्र पर CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल, रमेश आहूजा, महासचिव गुरमीत अरोड़ा, दीपक गर्ग, सुरेश अग्रवाल समेत संगठन के अन्य पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं। CTI ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के प्रति पूरे व्यापारी समाज की ओर से आभार व्यक्त किया है।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।