New Delhi News (19 November 2026): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ महापर्व के बाद राजधानी में स्वच्छता का संदेश देने के लिए मुनक नहर पर आयोजित विशेष सफाई अभियान में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ के दौरान जिन घाटों पर दिल्लीवासियों ने आस्था और श्रद्धा के साथ पर्व मनाया, अब उन्हीं घाटों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने इस पहल को स्वच्छता का पर्व बताते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के बाद सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री ने अभियान के दौरान बच्चों और युवाओं की भागीदारी की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा दिल नन्हे बच्चों और युवा साथियों ने जीता। सफाई का संकल्प, चेहरों पर मुस्कान और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देते बच्चों एवं युवाओं ने इस अभियान को खास बना दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा ऐसा संकल्प है, जिसे हर नागरिक को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस स्वच्छता अभियान में बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ, अभिनेत्री ईशा गुप्ता, गायक स्टेबिन बेन और बिस्मिल सहित कई जानी-मानी हस्तियों ने भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन सभी के साथ दिल्लीवासियों के बीच पहुंचकर श्रमदान किया और सफाई अभियान में योगदान दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटकों और जागरूकता गतिविधियों के जरिए लोगों को अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभियान से जुड़े सभी बच्चों, युवाओं, कलाकारों और दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छठ के घाटों पर आस्था ने सभी को एकजुट किया था और आज उन्हीं घाटों की स्वच्छता के संकल्प ने दिल्लीवासियों को फिर एक साथ ला दिया है। उन्होंने इस पहल को सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का उदाहरण बताते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर दिल्ली के निर्माण के लिए सरकार के साथ समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।