New Delhi News (19 November 2026): राजधानी दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में युधिष्ठिर सेतु पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने सवारियों से भरे एक ऑटो रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 17 और 18 नवंबर की दरम्यानी रात का बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद शुरू की।
हादसे की सूचना मिलते ही कश्मीरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में फंसे सभी आठ घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, छह अन्य घायलों का इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, फॉर्च्यूनर कार तेज रफ्तार में पीछे से आ रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार आगे चल रहे ऑटो रिक्शा से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे से जुड़े पूरे घटनाक्रम और फॉर्च्यूनर की रफ्तार समेत अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर कार और ऑटो रिक्शा को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।