Greater Noida साइट-4 महिंद्रा शोरूम में नई गाड़ियों में तकनीकी खराबी की शिकायत

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16/11/2026): ग्रेटर नोएडा के साइट-4 स्थित महिंद्रा शोरूम पर नई गाड़ियों में तकनीकी खराबी को लेकर कई ग्राहक परेशान नजर आए। ग्राहकों का आरोप है कि गाड़ी खरीदने के कुछ ही दिनों बाद उनमें DPF फिल्टर और इंजन से जुड़ी समस्याएं आने लगी हैं। सोमवार को कई ग्राहक अपनी शिकायत लेकर शोरूम पहुंचे और कंपनी की सर्विस व्यवस्था पर सवाल उठाए।

टेन न्यूज नेटवर्क से बात करते हुए आगरा निवासी आदित्य यादव ने बताया कि उन्होंने 11 नवंबर को नई गाड़ी खरीदी थी और 12 नवंबर को उसे लेकर आगरा गए थे। करीब 300 किलोमीटर चलने के बाद ही गाड़ी में DPF क्लॉग्ड होने और इंजन लाइट जलने की समस्या आ गई। उनका आरोप है कि गाड़ी को टो करके शोरूम तक लाने में उनके करीब 20 हजार रुपये खर्च हुए और पिछले चार दिनों से गाड़ी शोरूम में खड़ी है। ग्राहक के मुताबिक, सर्विस सेंटर की ओर से डीजल की गुणवत्ता को समस्या की वजह बताया जा रहा है और करीब 28 हजार रुपये खर्च होने की बात कही गई है।

वहीं, ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 निवासी संजय तिवारी ने बताया कि उत्तराखंड से लौटते समय मेरठ के पास करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही उनकी गाड़ी अचानक पावर खोने लगी। इसके बाद चेक इंजन लाइट जल गई और गाड़ी की स्पीड घटकर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई। उन्होंने बताया कि उस समय परिवार भी गाड़ी में मौजूद था। उनका आरोप है कि शोरूम के कर्मचारी गाड़ी की वास्तविक समस्या स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं और कभी 10 तो कभी 15 से 20 दिन का समय बता रहे हैं।

अन्य ग्राहकों ने भी नई गाड़ियों में DPF फिल्टर की समस्या, इंजन लाइट जलने और गाड़ी की स्पीड सीमित होने की शिकायत की। एक ग्राहक ने बताया कि उनकी गाड़ी खरीदे हुए महज चार दिन हुए हैं, लेकिन वह 40 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार नहीं पकड़ रही। ग्राहकों का आरोप है कि शोरूम में उनकी गाड़ियां लेने से भी इनकार किया गया और उन्हें दूसरे सर्विस सेंटर जाने के लिए कहा गया।

वहीं, एक अन्य ग्राहक ने बताया कि उनकी गाड़ी 12 नवंबर से शोरूम में खड़ी है, लेकिन चार-पांच दिन बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्राहकों का कहना है कि बार-बार डीजल को खराबी की वजह बताया जा रहा है, जबकि उन्हें गाड़ियों की तकनीकी समस्या का स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा। फिलहाल ग्राहक नई गाड़ियों में आ रही खराबी और सर्विस सेंटर की कार्यप्रणाली को लेकर नाराज हैं।

महिंद्रा शोरूम के सर्विस मैनेजर आयुष श्रीवास्तव ने टेन न्यूज नेटवर्क से टेलीफोनिक बातचीत में अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि जब गाड़ियों की शुरुआती जांच की गई तो फ्यूल की गुणवत्ता खराब होने की बात सामने आई। खराब डीजल के कारण इंजन में बर्निंग गैस और एग्जॉस्ट सिस्टम प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि फ्यूल की गुणवत्ता अधिक खराब होने पर नई और पुरानी, दोनों तरह की गाड़ियों में यह समस्या आ सकती है। उन्होंने वर्कशॉप में 90 से 100 गाड़ियां खड़ी होने के दावे को गलत बताते हुए कहा कि फिलहाल करीब 40 गाड़ियां इसी समस्या के कारण वर्कशॉप में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कई ग्राहक शिकायत कर चुके हैं कि डीजल भरवाने के बाद उनकी गाड़ियों से सफेद धुआं निकल रहा है और जलने जैसी गंध आ रही है। शुरुआती जांच में डीजल की गंध और उसकी बाहरी गुणवत्ता के आधार पर भी खराब फ्यूल की आशंका जताई गई है।

आयुष श्रीवास्तव के मुताबिक, फ्यूल कंटैमिनेशन यानी खराब गुणवत्ता वाला डीजल एक बाहरी कारण है, इसलिए इसे सामान्य मैन्युफैक्चरिंग वारंटी के दायरे में शामिल नहीं किया जाता। ऐसे मामलों में ग्राहक की सहमति के बाद ही मरम्मत का काम किया जा रहा है और खर्च ग्राहक को उठाना पड़ सकता है। हालांकि, अगर ग्राहक फ्यूल की गुणवत्ता को लेकर जांच करवाना चाहते हैं तो उनके खर्च पर डीजल का सैंपल कंपनी की एमआरवी टेस्टिंग टीम को भेजा जा सकता है। इसकी रिपोर्ट ईमेल के माध्यम से ग्राहक को उपलब्ध कराई जाएगी। बिना टेस्टिंग रिपोर्ट के कंपनी फ्यूल में मिलावट की पुष्टि नहीं करेगी, बल्कि इसे संदिग्ध बता सकती है। उन्होंने बताया कि गाड़ियों की मरम्मत के तीन चरण हैं। पहले चरण में ईजीआर, इनटेक और फ्यूल टैंक की सफाई की जाती है, जिसमें करीब तीन से चार दिन लग सकते हैं। दूसरे चरण में एग्जॉस्ट सिस्टम की सफाई करनी पड़ती है, जिसके लिए एक से दो दिन अतिरिक्त लग सकते हैं। वहीं, अगर किसी पार्ट को बदलने की जरूरत पड़ती है तो उसे कंपनी से मंगाना होगा, जिससे समय और बढ़ सकता है। उन्होंने गाड़ियों के 10 से 20 दिन तक वर्कशॉप में खड़े रहने की शिकायत पर कहा कि एक साथ करीब 40 गाड़ियों के आने से वर्कशॉप पर काम का दबाव बढ़ा है और सीमित मैनपावर के कारण मरम्मत में देरी हो रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।