ग्रेटर नोएडा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, 25-25 हजार के दो इनामी गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (16/11/2026): ग्रेटर नोएडा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीटा-2 थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। डाकिया बाबा गोलचक्कर के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू और मोनू के रूप में हुई है। दीपू अलीगढ़ निवासी सुरेंद्र का बेटा है, जबकि मोनू हमीरपुर निवासी तुलसी का बेटा है। दोनों पर लूट और चेन स्नैचिंग जैसी वारदातों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो अवैध देशी तमंचे बरामद किए हैं।
मुठभेड़ उस समय हुई जब बीटा-2 थाना पुलिस की टीम बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेर लिया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। दीपू उर्फ पप्पू के खिलाफ आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि मोनू पर अलग-अलग थानों में 19 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। मोनू पहले भी चेन स्नैचिंग के मामले में जेल जा चुका है। वहीं, दीपू का नाम भी चेन स्नैचिंग के एक पुराने मामले में सामने आया था। जून 2026 में उसके साथी राजेंद्र उर्फ लल्लू की गिरफ्तारी के बाद से पुलिस दीपू की तलाश कर रही थी।
लगातार फरार रहने के कारण दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में भी जांच की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।