New Delhi News (16 November 2026): दिल्ली के पश्चिमी इलाके मोती नगर में एक कपड़ों के शोरूम के अंदर 18 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें युवती अपनी जान बचाने के लिए आरोपी से संघर्ष करती नजर आ रही है। फुटेज में दिखाई देता है कि आरोपी युवक युवती पर लगातार हमला करता है। युवती खुद को बचाने के लिए चीखती है और वहां से भागने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी उसे लगातार पीटता रहता है।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, हमले के दौरान युवती एक जगह बैठकर खुद को बचाने की कोशिश करती है। वह आरोपी के वार से बचने के लिए हाथों से अपना बचाव करती दिखाई देती है, लेकिन आरोपी उस पर हमला जारी रखता है। इसके बाद आरोपी उसके बाल पकड़कर उसे घसीटते हुए शोरूम के ट्रायल रूम में ले जाता है। आरोप है कि वहां धारदार हथियार से उसका गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान 29 वर्षीय सूरज के तौर पर की गई है।
पुलिस के मुताबिक, शबनम मोती नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित इस कपड़ों के शोरूम में काम करती थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शबनम और सूरज पहले दोस्त थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी। पुलिस प्रेम संबंधों में विवाद को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। वहीं, मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि सूरज पहले भी शबनम के साथ मारपीट कर चुका था। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:45 बजे शबनम शोरूम में मोबाइल फोन इस्तेमाल करती दिखाई दी थी। करीब 7:30 बजे जब शोरूम के मालिक को वह कहीं नजर नहीं आई तो उन्होंने शबनम की पूर्व नियोक्ता एक महिला से संपर्क किया। महिला शोरूम पहुंची तो सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि आरोपी वहां से जा चुका है, लेकिन शबनम का कोई पता नहीं था। इसके बाद लोगों ने दोबारा शोरूम की तलाशी शुरू की। रात करीब 8:30 बजे ट्रायल रूम के पास शबनम का दुपट्टा पड़ा मिला और दरवाजे के नीचे से खून बाहर आता दिखाई दिया। करीब 9 बजे उसका शव बरामद हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस को शबनम की गर्दन पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। शव के पास खून से सना चाकू भी बरामद किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने रविवार को आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वारदात की पूरी कड़ी, हत्या के पीछे की वजह और आरोपी के घटनास्थल से फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।