नोएडा में ‘अपने-अपने राम’ की रामकथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु, युवाओं को मिले मर्यादा और संस्कार के संदेश
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (14 नवंबर, 2026): नोएडा में तीन दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’ का भव्य शुभारंभ हुआ। सेक्टर-38 स्थित वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में आयोजित इस कार्यक्रम के पहले दिन प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का प्रसंग अपनी खास अंदाज में प्रस्तुत किया। उनकी रामकथा सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान पूरा कार्यक्रम स्थल जय श्रीराम के जयकारों और तालियों की गूंज से भक्तिमय हो गया।
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए कार्यक्रम से जुड़े आयोजक विपिन अग्रवाल ने कहा कि डॉ. कुमार विश्वास का कार्यक्रम बेहद शानदार रहा। इसके माध्यम से नोएडा वासियों को भगवान श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि भगवान राम हर घर में बसने चाहिए और उनके मर्यादित जीवन से लोगों को प्रेरणा लेकर उन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। विपिन अग्रवाल ने बताया कि नोएडा में पहली बार डॉ. कुमार विश्वास के ‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ है। इसके लिए उन्होंने हनुमान युवत समिति और डॉ. कुमार विश्वास का आभार जताया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए करीब 10 हजार लोगों का रजिस्ट्रेशन हुआ है और इतनी ही संख्या में बैठने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और वालंटियर तैनात किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शनिवार और रविवार को भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
वहीं, गौरव ने कार्यक्रम को युवाओं के लिए सीखने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने भाई, धर्मपत्नी और जनता के प्रति जिस तरह अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, उससे आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके अनुसार, राम के जीवन से मिलने वाले संस्कार युवाओं में अच्छे विचार और चेतना विकसित करने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि कार्यक्रम में समय से पहुंचें, ताकि उन्हें अपनी पसंद की सीट मिल सके।
कार्यक्रम में मौजूद कृष्णा स्वामी जी महाराज ने कहा कि उन्हें सबसे अधिक खुशी इस बात की है कि युवा पीढ़ी हजारों की संख्या में रामकथा सुनने पहुंची। उन्होंने कहा कि भगवान राम सभी के हृदय में विराजमान हैं, जरूरत केवल उन्हें पहचानने की है। रामकथा का उद्देश्य व्यक्ति को अपने भीतर मौजूद राम को पहचानने और उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देना है। उन्होंने युवाओं से अगले दो दिनों में भी कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान श्रीराम के आदर्शों को समझने और अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
रामकथा सुनने पहुंचे श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह देखने को मिला। रश्मि त्रिपाठी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि डॉ. कुमार विश्वास की कथा सुनकर उनके रोंगटे खड़े हो गए। उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे वह स्वयं भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के प्रसंग को देख रही हों। उन्होंने बताया कि वह विशेष रूप से छुट्टी लेकर कार्यक्रम में पहुंची थीं और उनका यहां आना सफल रहा। वहीं, शालिनी ने कहा कि कार्यक्रम में उन्हें दीपावली जैसा माहौल महसूस हुआ। उन्होंने आयोजन के लिए मुकेश शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि डॉ. कुमार विश्वास के मुख से निकला हर शब्द उन्हें अमृत के समान लगा।
प्रीति ने कहा कि डॉ. कुमार विश्वास ने पुराने समय और वर्तमान परिस्थितियों को जोड़कर कई महत्वपूर्ण बातें समझाईं। वहीं, प्रवीण जोशी ने कहा कि कलियुग में भक्ति का भाव समझने के लिए भगवान हनुमान के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने हनुमान जी की भक्ति का स्मरण करते हुए अपनी भावनाएं भी व्यक्त कीं। अर्चना अग्रवाल ने कहा कि कथा के दौरान ऐसा महसूस हो रहा था मानो वह अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की साक्षी बन रही हों। उन्होंने विशेष रूप से लक्ष्मण के प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को भी रामकथा सुनने के लिए जरूर आना चाहिए।
वहीं, संतोष ने कहा कि उनका मन कर रहा था कि कथा लगातार चलती रहे और वह बैठकर सुनती रहें। कृष्णावाला ने भी कार्यक्रम को बेहद अच्छा बताते हुए अगले दिन फिर आने की इच्छा जताई। आलोक राणा ने कहा कि डॉ. कुमार विश्वास ने नोएडा के उदाहरणों को भगवान श्रीराम के जीवन से जोड़कर जिस तरह अपनी बात रखी, वह लोगों तक पहुंचनी चाहिए। शालिनी राना ने कहा कि डॉ. कुमार विश्वास की प्रस्तुति लोगों के हृदय को छूने वाली रही। वहीं, हिमेंद्र सिंह ने कहा कि कथा से उन्हें मर्यादा में रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख मिली। मंजरी ने बताया कि वह डॉ. कुमार विश्वास को पहले भी सुनती रही हैं, लेकिन पहली बार उन्हें लाइव सुनने का अवसर मिला, जो उनके लिए खास अनुभव रहा।
कार्यक्रम के पहले दिन श्रद्धालुओं की मौजूदगी और उत्साह के बीच आयोजकों ने आगामी दो दिनों में भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई। आयोजकों ने बताया कि सप्ताहांत को देखते हुए लोगों से समय से पहुंचने की अपील की गई है, ताकि उन्हें बैठने में असुविधा न हो।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।