10 प्रतिशत विकसित प्लॉट पर नहीं हुआ फैसला, किसानों का आंदोलन रहेगा जारी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (14/11/2026): जेवर में 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट समेत किसानों की लंबित मांगों को लेकर किसान संघर्ष मोर्चा और शासन के बीच हुई वार्ता में कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका। शुक्रवार शाम 6 बजे अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास) आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। हालांकि, 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट के मुद्दे पर सहमति नहीं बन पाई। किसानों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

बैठक में किसान नेताओं ने बताया कि तीनों प्राधिकरण अपने बोर्ड से प्रस्ताव पारित कर शासन को भेज चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें मंजूरी नहीं मिली है। किसान नेता सुखबीर खलीफा ने फैसले में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों को लंबे समय से अपने अधिकारों का इंतजार है। उन्होंने शासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की।

अपर मुख्य सचिव ने तीनों प्राधिकरणों को एक सप्ताह के भीतर अतिरिक्त जानकारी शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में हाईपावर कमेटी की सिफारिशों, नोएडा में आबादी के लंबित मामलों, 64 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों को 7 प्रतिशत विकसित प्लॉट देने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को इन मामलों में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

किसान नेता सोरन प्रधान ने कहा कि वार्ता के दौरान कई मुद्दों पर सकारात्मक निर्देश मिले हैं, लेकिन 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट की मांग पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ। किसान सभा के जिलाध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने भी किसानों की मांगों पर जल्द फैसला लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को उनका अधिकार नहीं मिलता, तब तक किसान संघर्ष मोर्चा का आंदोलन जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।