New Delhi News (14 November 2026): दिल्ली विश्वविद्यालय ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए दुर्लभ और गंभीर बीमारी से जूझ रही महज 9 महीने की बच्ची के इलाज के लिए 17 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। बच्ची स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) टाइप-II नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) में कार्यरत एक शिक्षक की बेटी है। बच्ची के इलाज के लिए बड़ी धनराशि की जरूरत को देखते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने विशेष समिति का गठन किया। समिति ने मामले की गंभीरता और बच्ची के जीवन को ध्यान में रखते हुए 17 करोड़ रुपये की सहायता देने की अनुशंसा की।
बच्ची के उपचार के लिए आर्थिक मदद जुटाने की शुरुआत स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो ने की थी। उन्होंने इस संबंध में प्रस्ताव एसओएल की गवर्निंग बॉडी के सामने रखा, जिसे मंजूरी मिलने के बाद आर्थिक सहायता जुटाने का अभियान शुरू किया गया। एसओएल शैक्षिक संघ के पदाधिकारियों प्रवीण रेड्डी, रवि कुमार, सुमित कुमार, राहुल देव और नुपुर गोसाईं ने क्राउड फंडिंग तथा सरकारी सहायता के माध्यम से धन जुटाने के प्रयास किए। इस अभियान के तहत कुल 3.11 करोड़ रुपये एकत्र किए गए। इसमें टाटा ट्रस्ट, मुख्यमंत्री राहत कोष, इम्पैक्ट गुरु, मिलाप, कीटो, गोफंडमी, टीचर रिलीफ फंड और एसओएल के गैर-शैक्षणिक संघ का योगदान शामिल रहा।
हालांकि, बच्ची के इलाज के लिए आवश्यक पूरी धनराशि की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण प्रो. पायल मागो ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह से मदद की अपील की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलपति ने विशेष समिति गठित कर इस संबंध में बैठक बुलाई। बैठक में बच्ची के उपचार से जुड़े तकनीकी और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद समिति ने सर्वसम्मति से 17 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव को मंजूरी देने की अनुशंसा की। विश्वविद्यालय के इस फैसले को बच्ची के उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रो. पायल मागो ने बताया कि बच्ची के इलाज के लिए समय पर आर्थिक सहायता मिलना बेहद जरूरी था, क्योंकि निर्धारित समय में जरूरी धनराशि उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में उसकी जान को खतरा हो सकता था। उन्होंने इस मानवीय पहल को सफल बनाने में कुलपति प्रो. योगेश सिंह, कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता, साउथ कैंपस की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी और विशेष समिति के अन्य सदस्यों के योगदान की सराहना की। दिल्ली विश्वविद्यालय के इस फैसले ने एक जरूरतमंद परिवार को बड़ी राहत दी है और गंभीर बीमारी से जूझ रही मासूम बच्ची के उपचार की उम्मीद को नई ताकत दी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।