ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को मंजूरी, सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने जेवर को बताया यूपी का ग्रोथ इंजन
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (12/11/2026): गौतमबुद्ध नगर के जेवर में CNH Industrial कंपनी के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने क्षेत्र के औद्योगिक विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो विस्तार को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जेवर को उत्तर प्रदेश का ग्रोथ इंजन बताते हुए कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र औद्योगिक और आर्थिक विकास के नए केंद्र के रूप में उभरेगा।
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत के दौरान सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा की आबादी में तेजी से वृद्धि हुई है। जिस क्षेत्र की आबादी कभी करीब पांच लाख हुआ करती थी, वह आज लगभग 24 लाख तक पहुंच गई है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों के लिए मेट्रो सुविधा लंबे समय से एक बड़ी आवश्यकता बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि यहां से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन दिल्ली और एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में काम के सिलसिले में आते-जाते हैं। ऐसे में मेट्रो विस्तार से उन्हें आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की एक्वा लाइन मेट्रो परियोजना के विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही थी, ताकि ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के साथ दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच आसान बनाई जा सके। इस परियोजना को मंजूरी मिलना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं, जेवर में तेजी से बढ़ते औद्योगिक निवेश और विकास परियोजनाओं पर चर्चा करते हुए सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि जेवर अब उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश का ग्रोथ इंजन बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यहां औद्योगिक और आवासीय विकास के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जेवर केवल मैन्युफैक्चरिंग हब तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक बड़े एक्सपोर्ट हब के रूप में भी विकसित होगा। यहां बड़ी औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ छोटी और सहायक औद्योगिक इकाइयों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सांसद ने विश्वास जताया कि बेहतर कनेक्टिविटी, औद्योगिक निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास से गौतमबुद्ध नगर आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।