जेवर में 1,200 करोड़ रुपये से बनेगा न्यू हॉलैंड का ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार: CM योगी
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (12/11/2026): उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में गौतमबुद्ध नगर के जेवर में न्यू हॉलैंड (CNH Industrial) कंपनी ने अपने नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की शुरुआत की है। लगभग 1,200 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाला यह प्लांट प्रदेश में कृषि उपकरणों के निर्माण और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया और प्रदेश में निवेश के लिए कंपनी प्रबंधन का आभार जताया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ने बीते वर्षों में अपनी पहचान बदली है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के सामने कानून-व्यवस्था, पिछड़ेपन और अव्यवस्था जैसी चुनौतियां थीं, लेकिन आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और देश-विदेश की कंपनियां निवेश के लिए आगे आ रही हैं। उत्तर प्रदेश अब देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में अपनी जगह बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का यह निवेश प्रदेश के प्रति उद्योग जगत के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। इस परियोजना से आधुनिक विनिर्माण और कृषि मशीनीकरण को नई गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्लांट स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्र के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 36 से अधिक सेक्टर आधारित नीतियां लागू की हैं। इसके साथ ही औद्योगिक भूमि बैंक, प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता, डिजिटलीकरण और समयबद्ध सेवाओं के माध्यम से उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और नियामकीय सुधारों के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेसवे, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, औद्योगिक कॉरिडोर और विभिन्न औद्योगिक क्लस्टरों का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी ने उत्तर प्रदेश को निवेश के लिहाज से और अधिक आकर्षक बनाया है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, आईटी, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन, मेडिकल डिवाइस, पर्यटन और अन्य उभरते क्षेत्रों में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जेवर और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र की संभावनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकास के साथ यह पूरा इलाका बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक भूमि और आधुनिक कनेक्टिविटी का समन्वय इस क्षेत्र को निवेश का प्रमुख केंद्र बना रहा है। यहां सेमीकंडक्टर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, मेडिकल डिवाइस पार्क, एमएसएमई पार्क और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के विकास में स्थानीय किसानों के योगदान की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों के सकारात्मक सहयोग और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से इस क्षेत्र की तस्वीर बदली है। कभी अपराध और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के कारण चर्चा में रहने वाला जेवर आज देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में शामिल हो रहा है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी निवेशक सम्मेलन के माध्यम से 7.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को भी जमीन पर उतारने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या लगभग 14 हजार से बढ़कर 35 हजार से अधिक हो गई है, जबकि एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच चुकी है।
न्यू हॉलैंड के नए प्लांट को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के कुल ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में प्रदेश का बड़ा बाजार और सीएनएच इंडस्ट्रियल की तकनीकी एवं विनिर्माण क्षमता इस परियोजना को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। करीब 100 एकड़ में स्थापित होने वाले इस प्लांट से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय कारोबार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंत में सीएनएच इंडस्ट्रियल को नई परियोजना के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार एक सहयोगी के रूप में कंपनी के साथ खड़ी रहेगी। निवेश और औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने के लिए कंपनी को हरसंभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
वहीं, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट करते हुए कहा, “गौतमबुद्ध नगर के औद्योगिक विकास की दिशा में आज एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा। ग्रेटर नोएडा में लगभग 1,220 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाले CNH प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में सम्मिलित हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से प्लांट की आधारशिला रखी। यह परियोजना क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी। यहां आधुनिक मशीनरी एवं बुलडोजर का निर्माण होगा। यह निवेश विकसित उत्तर प्रदेश और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।”
वहीं, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों द्वारा यीडा क्षेत्र में CNH के नए औद्योगिक प्रोजेक्ट का शिलान्यास प्रदेश की औद्योगिक प्रगति और किसानों के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह निवेश उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण को नई गति प्रदान करेगा। नया उत्तर प्रदेश, निवेश का नया गंतव्य!”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।