सोनिया गांधी की किताब ‘बंडल ऑफ हेट’ और ‘बंडल ऑफ लाइज’ है : मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (11 November 2026): कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर देश की राजनीति में विवाद गहराता जा रहा है। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता मंजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को किताब पर तीखा हमला बोलते हुए इसे ‘बंडल ऑफ हेट’ और ‘बंडल ऑफ लाइज’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में 1984 के सिख विरोधी दंगों और ऑपरेशन ब्लू स्टार से जुड़े घटनाक्रमों को सही तरीके से पेश नहीं किया गया है। सिरसा ने कहा कि पुस्तक में उस दौर की घटनाओं और तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व की भूमिका का जो विवरण दिया गया है, वह सिख समुदाय के दर्द और पीड़ित परिवारों के अनुभवों से मेल नहीं खाता।

सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंजिंदर सिंह सिरसा 1984 के दंगा पीड़ित परिवारों के सदस्यों के साथ पहुंचे। उन्होंने कहा कि चार दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सिख परिवारों के जख्म आज भी ताजा हैं और हजारों परिवार न्याय की प्रतीक्षा में संघर्ष करते रहे हैं। सिरसा ने जून 1984 में स्वर्ण मंदिर स्थित श्री दरबार साहिब में हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी की किताब में इंदिरा गांधी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इस सैन्य अभियान के दौरान श्री दरबार साहिब के अलावा करीब 40 अन्य गुरुद्वारे भी प्रभावित हुए थे। मंत्री ने आरोप लगाया कि किताब में सिख समुदाय को हुए नुकसान और उसकी भावनाओं को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया है।

मंत्री सिरसा ने अक्टूबर 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में हुए सिख विरोधी दंगों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं जगदीश टाइटलर और सज्जन कुमार का नाम लेते हुए दंगों से जुड़े मामलों में न्याय मिलने में हुई देरी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने जांच आयोगों और समितियों की कार्यप्रणाली पर भी आपत्ति जताई। सिरसा ने सोनिया गांधी से मांग की कि वह दंगा पीड़ित परिवारों से मुलाकात करें और उनसे माफी मांगें। उनका कहना था कि किताब में केवल राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीड़ितों के संघर्ष, दर्द और न्याय की लंबी लड़ाई को भी उचित स्थान मिलना चाहिए।

वहीं, भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर पुराने जख्म कुरेदकर राजनीतिक फायदा उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में चुनाव नजदीक होने के कारण इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी सोनिया गांधी के अपने निजी अनुभवों और राजनीतिक जीवन से जुड़े विचारों को किताब में रखने के अधिकार का बचाव किया है। सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ उनके निजी जीवन, भारत में उनके सफर और राजनीतिक अनुभवों पर आधारित है। इसके प्रकाशन के बाद 1984 के दंगों, ऑपरेशन ब्लू स्टार और तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व की भूमिका को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।