Noida News (11/11/2026): नोएडा में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार नोएडा स्टेडियम में छठ पूजा का आयोजन भव्य स्तर पर किया जाएगा। प्रवासी महासंघ नोएडा की ओर से आयोजित होने वाले इस महापर्व के लिए स्टेडियम परिसर में 60×120 फीट का विशाल अस्थायी छठ घाट तैयार किया जा रहा है। घाट में गंगाजल युक्त पानी भरा जाएगा और इसे ताजे गुलाब के फूलों से सजाया जाएगा। यहां श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा करेंगे।
प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष आलोक वत्स ने बताया कि संगठन हर साल की तरह इस बार भी छठ महापर्व को भव्य रूप देने की तैयारी कर रहा है। आयोजन में नोएडा के साथ दिल्ली-एनसीआर के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट के चारों ओर सीढ़ीनुमा व्यवस्था बनाई जा रही है, ताकि व्रती आसानी से घाट तक पहुंच सकें और पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
सुरक्षा के लिए किए जाएंगे विशेष इंतजाम
आयोजन स्थल पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए 100 से अधिक वॉलेंटियर तैनात रहेंगे। इसके अलावा पूरे परिसर की ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के मुताबिक, छठ घाट और आसपास के क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। निजी सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती होगी, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और पूजा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
कत्थक और लोकगीतों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
छठ पूजा के धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कत्थक गुरु डॉ. (विदुषी) अनू सिन्हा अपनी टीम के साथ नृत्य प्रस्तुति देंगी। वहीं लोक गायक आलोक पांडेय ‘गोपाल’ और लोक गायिका अंशिका सिंह अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में लोक संस्कृति की छटा बिखेरेंगे।
कई प्रमुख हस्तियां रहेंगी मौजूद
आयोजन में पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं। गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा को अतिविशिष्ट अतिथि और नोएडा विधायक पंकज सिंह तथा उत्तर प्रदेश महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष विमला बाथम को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
प्रवासी महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष टीएन चौरसिया ने बताया कि संगठन का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले प्रवासियों को एक साझा मंच देना है। महासंघ उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहने के लिए काम कर रहा है। इस आयोजन के जरिए छठ पूजा की आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति को एक साथ जोड़ने की तैयारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।