ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को कैबिनेट की मंजूरी, 5 स्टेशनों से जुड़ेगा शहर
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West News (11/11/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो कनेक्टिविटी का रास्ता साफ हो गया है। सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (किसान चौक) तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। इसके बाद अब परियोजना के निर्माण का काम आगे बढ़ सकेगा।
करीब 2390 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मेट्रो कॉरिडोर 8.5 किलोमीटर लंबा होगा। इस रूट पर कुल पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट का सेक्टर-4 शामिल है। इस परियोजना से दो लाख से अधिक लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
गौड़ चौक के जाम से मिलेगी राहत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आबादी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में नोएडा और दिल्ली की ओर आने-जाने वाले लोगों को रोजाना ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। खासकर गौड़ चौक और आसपास के मार्गों पर सुबह और शाम के समय वाहनों का दबाव अधिक रहता है। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद लोगों को सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने और सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटने की उम्मीद है।
चार संस्थाओं की होगी हिस्सेदारी
इस परियोजना को केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की संयुक्त हिस्सेदारी से तैयार किया जाएगा। चारों संस्थाएं इक्विटी के आधार पर परियोजना के लिए धन उपलब्ध कराएंगी। मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के आवासीय क्षेत्रों को नोएडा के साथ बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों का आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।