Uttar Pradesh News (11/11/2026): लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान मेला और तिगरी मेले की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। दोनों मेलों का आयोजन 17 से 26 नवंबर तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह मिनी कुंभ श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने गृह, लोक निर्माण, परिवहन, सिंचाई, नगर विकास, ऊर्जा, पंचायती राज और स्वास्थ्य सहित सभी संबंधित विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला शुरू होने से पहले अधिकारी सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन विभाग अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करे, ताकि आवागमन में परेशानी न हो।
घाटों पर स्नान के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने, नदी में जरूरत के अनुसार चैनल बनाने और सभी घाटों पर पर्याप्त पानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्वच्छता कर्मियों की तैनाती और सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस और पर्याप्त मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल और नियमित बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमें तैनात करने को कहा। मेले में सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और फायर टेंडर की व्यवस्था रहेगी। यातायात नियंत्रण, पार्किंग और रूट डायवर्जन की योजना पहले से तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने और पुलिस अधिकारियों द्वारा मेले से पहले जवानों की काउंसिलिंग करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने मेले में सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय कलाकारों को मंच देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आस्था के विपरीत कोई कार्यक्रम नहीं होना चाहिए। मेले के दौरान शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने तथा नशे के खिलाफ अभियान चलाने को कहा गया। सोशल मीडिया पर अफवाह और दुष्प्रचार फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा बच्चों के लिए स्लोगन, भाषण, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने को कहा गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।