केंद्रीय कैबिनेट के बड़ा फैसला, ग्रेटर नोएडा मेट्रो सहित भारत संग्रहालय को मिली मंजूरी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (11 November 2026): नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से मेट्रो विस्तार का इंतजार कर रहे लोगों को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन को सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक विस्तारित करने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के तहत 8.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें पांच नए स्टेशन होंगे। परियोजना पर करीब 2,390 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मेट्रो विस्तार के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पार्थला चौक, गौर चौक और एक मूर्ति सर्किल जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में तेजी से बढ़ती आबादी और आवासीय सोसायटियों के कारण रोजाना जाम की समस्या सामने आती है। नई मेट्रो लाइन शुरू होने से बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम करने के साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिल सकती है। नोएडा सेक्टर-61 पर इंटरचेंज की सुविधा मिलने से यात्रियों को दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क से जुड़ने का बेहतर विकल्प मिलेगा।
इस परियोजना से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों को भी फायदा पहुंचेगा। प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर IKEA, Adobe, HCL और Havells जैसी कंपनियों के आसपास के क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों और प्रस्तावित डेटा सेंटरों को बेहतर कनेक्टिविटी देगा। इसके अलावा यात्रियों को मजेंटा लाइन के माध्यम से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और ब्लू लाइन के जरिए नई दिल्ली, आनंद विहार तथा हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में सुविधा होगी। ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब से भी संपर्क मजबूत करने की योजना है। भविष्य में प्रस्तावित आरआरटीएस कॉरिडोर के जरिए जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और हिंडन एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी विकसित करने की भी योजना है।
केंद्रीय कैबिनेट ने मेट्रो विस्तार के साथ राजधानी दिल्ली की एक दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना को भी मंजूरी दी है। नई दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक परिसर को ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ के रूप में विकसित किया जाएगा। केंद्रीय कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) ने इस परियोजना को मंजूरी दी है। इसके निर्माण और विकास पर करीब 3,230 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। दोनों परियोजनाओं को मिलाकर कुल 5,620 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर को संग्रहालय में बदलने की योजना को देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकसित होते आवासीय और व्यावसायिक केंद्र बनकर उभरे हैं। मास्टर प्लान के मुताबिक, दोनों शहरों की संयुक्त आबादी वर्ष 2011 में 7.39 लाख थी, जो वर्ष 2021 में बढ़कर अनुमानित 24.7 लाख तक पहुंच गई। यानी महज दस वर्षों में आबादी तीन गुना से अधिक हो गई। तेजी से बढ़ती आबादी के साथ परिवहन और बुनियादी सुविधाओं पर भी दबाव बढ़ा है। ऐसे में एक्वा लाइन के विस्तार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम फैसला माना जा रहा है। हालांकि, परियोजना के पूरा होने के बाद ही यात्रियों को इसका वास्तविक लाभ मिल सकेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।