New Delhi News (11 November 2026): दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) का इंतजार अब खत्म होने वाला है। देश-विदेश के कारोबारियों, उद्यमियों, कारीगरों और आम लोगों के लिए यह मेला 14 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस बार मेले का औपचारिक उद्घाटन 13 नवंबर को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। उद्घाटन समारोह में पद्मश्री माधवी मुद्गल की ओर से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा। इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (ITPO) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रेमजीत लाल ने मीडिया से बातचीत में मेले की तैयारियों और आकर्षणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार मेले में व्यापार, तकनीक, स्टार्टअप, खान-पान और मनोरंजन को लेकर कई नए प्रयोग किए गए हैं। खास बात यह है कि 14 से 19 नवंबर तक मेला केवल कारोबारियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के लिए खुला रहेगा, जबकि 20 नवंबर से 27 नवंबर तक आम जनता को प्रवेश मिलेगा।
इस बार अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का सबसे बड़ा आकर्षण ‘हॉल ऑफ इंस्पिरेशन’ यानी प्रेरणा हॉल होगा। इसमें देश के करीब 450 चुनिंदा स्टार्टअप्स को अपने उत्पाद, नए आविष्कार और तकनीकी नवाचार प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। ITPO के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रेमजीत लाल के मुताबिक, देश में इस समय लगभग ढाई से तीन लाख सक्रिय स्टार्टअप्स हैं। इनमें से चयनित उद्यमियों को इस मेले के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है। खास बात यह होगी कि स्टार्टअप्स को केवल प्रदर्शनी लगाने का अवसर ही नहीं मिलेगा, बल्कि उनकी मुलाकात देश-विदेश के निवेशकों से भी कराई जाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) विजन को बढ़ावा देने के लिए 21 राज्यों के जिलों से जुड़े 40 से 50 विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले में देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 50 से अधिक सरकारी विभाग भी हिस्सा लेंगे।
अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के लिहाज से भी इस बार का व्यापार मेला खास रहने वाला है। प्रेमजीत लाल ने बताया कि पिछले आयोजनों के मुकाबले विदेशी कारोबारियों ने इस बार लगभग दोगुनी जगह बुक की है। करीब 11 प्रमुख देशों के व्यापारी और प्रतिनिधि मेले में शामिल होंगे। इनमें अफगानिस्तान, तुर्की, ईरान और चीन जैसे देशों की भागीदारी भी देखने को मिलेगी। इसके साथ ही दर्शकों और कारोबारियों की सुविधा के लिए पहली बार नया आधिकारिक मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है, जो एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इस ऐप के जरिए लोग अलग-अलग हॉल की लोकेशन, मेले का समय, कार्यक्रमों का शेड्यूल और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके माध्यम से व्यापारी और दर्शक आपस में नेटवर्किंग भी कर पाएंगे। यानी इस बार ट्रेड फेयर में खरीदारी और कारोबार के साथ डिजिटल सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया गया है।
मेले में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की सुविधाओं का भी खास ध्यान रखा गया है। ITPO के मुताबिक, वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रहेगा। इसके अलावा परिसर में उनकी आवाजाही आसान बनाने के लिए 20 से 25 व्हीलचेयर और अन्य सुगम सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। छोटे बच्चों के लिए विशेष टॉयज जोन बनाया जाएगा। वहीं, Gen-Z और डिजिटल पीढ़ी को आकर्षित करने के लिए पहली बार ‘एडुटेनमेंट जोन’ तैयार किया जा रहा है, जहां शिक्षा और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस जोन में प्रवेश के लिए अलग टिकट की व्यवस्था होगी। इस बार उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड को फोकस स्टेट के रूप में शामिल किया गया है। इन राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय कारोबार को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य नई पीढ़ी को भी चार से पांच दशक पुरानी इस व्यापार मेले की परंपरा से जोड़ना है।
खान-पान के शौकीनों के लिए भी इस बार ट्रेड फेयर में कई खास इंतजाम किए गए हैं। प्रेमजीत लाल ने बताया कि इस बार फूड स्टॉल्स को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। यहां साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और भोजन परोसने के अनुभव को पहले से बेहतर बनाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों के साथ देश के 15 से 20 राज्यों के पारंपरिक और प्रामाणिक पकवान भी उपलब्ध होंगे। इसके लिए ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ की थीम पर विशेष फूड स्टॉल लगाए जाएंगे। यानी दर्शकों को एक ही जगह देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों के मशहूर व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। मेले में आने वाले लोग न सिर्फ खरीदारी कर सकेंगे, बल्कि देश की विविध संस्कृति, खान-पान और स्थानीय उत्पादों का भी अनुभव कर पाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी ITPO ने व्यापक तैयारियां की हैं। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रेमजीत लाल के मुताबिक, पूरे मेला परिसर में करीब 2,000 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस, CISF और ट्रैफिक पुलिस के 5,000 से अधिक जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा करीब 2,000 निजी सुरक्षा गार्ड भी मौजूद रहेंगे, जिनमें लगभग 30 प्रतिशत महिला गार्ड होंगी। आग जैसी आपातकालीन घटनाओं से निपटने के लिए चार अग्निशमन गाड़ियां हर समय परिसर में तैनात रहेंगी। प्रवेश के लिए गेट नंबर 3, 4, 6 और 10 पर विशेष चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। पार्किंग स्थलों पर भी सुरक्षा जांच की व्यवस्था रहेगी। ITPO ने दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर के लोगों से परिवार के साथ मेले में पहुंचने की अपील की है। इस बार का व्यापार मेला केवल खरीदारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्टार्टअप्स, निवेश, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, भारतीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक का बड़ा मंच बनने जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।