राष्ट्रपति भवन के अंगरक्षक को सिर में मारी गोली, ICU में जिंदगी की जंग लड़ रहे सौरभ

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Uttar Pradesh News (10 November 2026): उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिवाली की रात पटाखे चलाने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। थाना रमाला क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव में छुट्टी पर घर आए राष्ट्रपति भवन में तैनात अंगरक्षक सौरभ को गोली मार दी गई। गोली उनके सिर में कान के पीछे लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर सिर में फंसी गोली निकाल दी। हालांकि, उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और वह मेरठ के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सौरभ वर्ष 2021 में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में भर्ती हुए थे और वर्तमान में राष्ट्रपति भवन में तैनात हैं। दिवाली का त्योहार परिवार के साथ मनाने के लिए वह दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव पहुंचे थे। रविवार रात वह अपने भाइयों विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर गली में पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान गांव के ही धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंच गए। पटाखे चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान धीरज ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी।

परिजनों की शिकायत के अनुसार, आरोपी द्वारा चलाई गई गोली पहले दीवार से टकराई और फिर सौरभ के सिर में कान के पीछे जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि सौरभ के घायल होने के बाद उनके भाइयों विनीत और मिंटू ने आरोपियों का विरोध किया और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन सौरभ को पहले बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के जरिए गोली निकाली गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ अंशु जैन ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायल जवान के पिता जनकराज की तहरीर के आधार पर धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। वहीं, राष्ट्रपति भवन में तैनात अंगरक्षक पर इस तरह हुए जानलेवा हमले से गांव में भी चिंता और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल सभी की निगाहें अस्पताल में भर्ती सौरभ की सेहत पर टिकी हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।