पाकिस्तान के नंबर से BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर को मिली बम से उड़ाने की धमकी

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (08/11/2026): गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी पर हुए धमाके के बाद लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को जान से मारने की धमकी मिली है। विधायक का दावा है कि उन्हें पाकिस्तान के नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने बम से उड़ाने की धमकी देते हुए कहा कि गाजियाबाद में हुए धमाके के बाद अब अगला निशाना वह होंगे। ताजा धमकी के बाद विधायक की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

दरअसल, वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके के बाद विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने बयान दिया था कि योगी सरकार और पुलिस ऐसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने लोगों से बिना किसी डर के दीपावली मनाने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया था कि पुलिस जल्द ही धमाके के आरोपियों को पकड़कर उन्हें सजा दिलाएगी। बताया जा रहा है कि इसी बयान के बाद शनिवार को उन्हें धमकी भरा फोन आया।

गौरतलब है कि विधायक को इससे पहले भी 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन फोन पर जान से मारने की धमकी मिली थी। उस दौरान कॉल करने वाले ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर हत्या करने और बम से उड़ाने की धमकी दी थी। इसके बाद लगातार 18 बार फोन कॉल किए गए थे। मामले में विधायक के सहयोगी अनुराग ने लोनी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

वहीं, 8 मार्च 2026 को भी विधायक को पाकिस्तान के पेशावर से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए धमकी मिली थी। उस समय कॉल करने वाले ने सलीम वास्तिक पर हुए हमले का जिक्र करते हुए विधायक को निशाना बनाने की चेतावनी दी थी। इस मामले में पुलिस ने जांच और कार्रवाई की थी। अब एक बार फिर धमकी मिलने के बाद पुलिस कॉल करने वाले की पहचान और उसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल विधायक नंदकिशोर गुर्जर की सुरक्षा में यूपी पुलिस के चार गनर तैनात हैं। इसके अलावा उनके पास निजी सुरक्षाकर्मी भी मौजूद हैं। उनके आवास और पार्टी कार्यालय पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए आने-जाने वालों पर नजर रखी जाती है। परिसर में प्रवेश से पहले लोगों की जांच की जाती है। वहीं, विधायक के काफिले के साथ भी सुरक्षाकर्मियों की गाड़ियां चलती हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।