ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर ठगी के गिरोह का पर्दाफाश

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (06/11/2026): सूरजपुर थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 29 मोबाइल फोन, 19 सिम कार्ड, दो लैपटॉप, एक टैबलेट और 35,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर और ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग स्थानों पर रहकर ऑनलाइन बैटिंग के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को गोपनीय सूचना के आधार पर सूरजपुर थाना पुलिस ने ओसिस वेनेसिया सोसाइटी, साइट-सी स्थित फ्लैट नंबर बी-12ए07 में छापेमारी की। यहां ऑनलाइन बैटिंग और गेमिंग के माध्यम से लोगों को हार-जीत का लालच देकर पैसे लगवाए जा रहे थे। इसके बाद फर्जी बैंक खातों के जरिए रकम का लेनदेन किया जाता था। मौके से पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य reddypanel.com, reddybook.com और a2t.art जैसी वेबसाइटों के माध्यम से क्रिकेट सहित अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे। गिरोह के सरगना लल्लन उर्फ लालू और आदित्य आरोपियों को दूर बैठकर लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते थे। इसके बाद गिरोह के सदस्य अलग-अलग लोगों को ऑनलाइन गेमिंग में पैसा लगाने के लिए लालच देते थे। कुछ लोगों के जीतने पर उनके यूपीआई खातों में रकम ट्रांसफर भी की जाती थी, जिससे दूसरे लोग भी इस खेल में पैसा लगाने के लिए आकर्षित हों।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य बड़ी संख्या में लोगों के बैंक खाते किराये पर लेकर उनका इस्तेमाल करते थे। इसके बदले खाताधारकों को तय रकम या लालच दिया जाता था। गेमिंग और लेनदेन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी मोबाइल फोन और लैपटॉप से संबंधित डाटा मिटा देते थे और अपनी पहचान छिपाने के लिए दूसरी जगह चले जाते थे। कुछ दिनों बाद नई जगह से दोबारा इसी तरह का काम शुरू कर देते थे।

इस मामले में थाना सूरजपुर में मुकदमा संख्या 630/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 61(2), आईटी एक्ट की धारा 66डी और जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और बैंक खातों के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।