गौतमबुद्ध नगर में ट्रैफिक पुलिस का अभियान तेज, पहले दिन 4,256 चालान और 7 वाहन सीज

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (02/11/2026): गौतमबुद्धनगर में यातायात माह-2026 की शुरुआत के साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान के पहले ही दिन जिलेभर में 4,256 वाहनों के ई-चालान किए गए, जबकि गंभीर यातायात उल्लंघनों के चलते 7 वाहनों को सीज किया गया। इस दौरान सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के सामने आए।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) की निगरानी में यातायात पुलिस ने जिले के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने मौके पर वाहनों की जांच करते हुए 1,645 चालान किए। वहीं, प्रमुख चौराहों पर स्थापित इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी एंड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ISTMS) के कैमरों के माध्यम से 2,611 वाहनों के ऑनलाइन चालान किए गए।

कार्रवाई के दौरान दोपहिया वाहन चालकों की लापरवाही सबसे अधिक सामने आई। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 1,528 चालान किए गए। इसके अलावा नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर 638, निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने पर 288 और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ 208 चालान किए गए।

वहीं, यातायात नियमों की अनदेखी कर गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 191 और खराब या अवैध नंबर प्लेट का इस्तेमाल करने वाले 185 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा हूटर और प्रेशर हॉर्न के अनुचित इस्तेमाल के 25 मामले सामने आए, जबकि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले 10 वाहनों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, यातायात माह का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना भी है। इसी उद्देश्य से नवंबर महीने के दौरान जिलेभर में जागरूकता अभियान, यातायात प्रशिक्षण और विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात माह के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार रहने की अपील की गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।