दिल्ली के खजूरी खास में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कंक्रीट मिक्सर ट्रक ने स्कूटी सवार दो युवकों को कुचला, हुई मौत
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (03 November 2026): उत्तर-पूर्वी दिल्ली (North-East Delhi) के खजूरी खास (Khajuri Khas) इलाके में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कंक्रीट मिक्सर ट्रक ने स्कूटी सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसा पुराने खजूरी खास थाने के कट के पास हुआ। मृतकों की पहचान संतोष (30), निवासी पक्की खजूरी और पवन (33), निवासी गली नंबर-24, खजूरी खास के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर की रात करीब 11:55 बजे खजूरी खास थाने को ट्रक और स्कूटी के बीच टक्कर होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। हादसे के बाद एक युवक को उसके परिजन जग प्रवेश चंद्र (JPC) अस्पताल लेकर पहुंचे, जबकि दूसरे घायल को पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल भेज दिया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंक्रीट मिक्सर ट्रक को मौके से बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक की टक्कर के बाद स्कूटी सवार दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए थे।
वहीं, हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक की तलाश में खजूरी खास थाना पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस के डीसीपी राहुल अलवल के मुताबिक, पुलिस हादसे की परिस्थितियों, दुर्घटना के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस तरह हुआ और दुर्घटना के वक्त ट्रक की रफ्तार कितनी थी। फिलहाल आरोपी चालक की तलाश जारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।