3.5 किलोमीटर के हेरिटेज कॉरिडोर से जुड़ेगा लाल किला, जामा मस्जिद और कश्मीरी गेट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02 November 2026): राजधानी दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए पुरानी दिल्ली में बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है। दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे नेताजी सुभाष मार्ग (Netaji Subhash Marg) को हेरिटेज कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना है। इस परियोजना के तहत लाल किला, जामा मस्जिद, कश्मीरी गेट और आसपास के ऐतिहासिक स्मारकों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर तरीके से आपस में जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में इंद्रप्रस्थ डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (IVPN) की ओर से तैयार की जा रही इस परियोजना का उद्देश्य पुरानी दिल्ली को एक व्यवस्थित, आकर्षक और पर्यटकों के अनुकूल क्षेत्र के रूप में विकसित करना है।

परियोजना के तहत पूरे 3.5 किलोमीटर लंबे मार्ग को सड़क की चौड़ाई के आधार पर तीन हिस्सों में बांटा गया है। पहला हिस्सा कश्मीरी गेट से जीपीओ चौक तक होगा, जिसकी चौड़ाई 12 से 24 मीटर है। दूसरा हिस्सा जीपीओ चौक से बृजमोहन चौक तक विकसित किया जाएगा, जहां सड़क की औसत चौड़ाई 45 मीटर है। वहीं, तीसरा हिस्सा बृजमोहन चौक से दिल्ली गेट चौराहे तक होगा, जिसकी औसत चौड़ाई 16.8 से 26 मीटर है। इन तीनों हिस्सों में उपलब्ध जगह के अनुसार पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और वाहनों के लिए अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

नेताजी सुभाष मार्ग के कायाकल्प के तहत चौड़े फुटपाथ, अलग साइकिल ट्रैक, बस लेन और वाहनों के लिए व्यवस्थित लेन बनाई जाएंगी। इसके अलावा पार्किंग की बेहतर व्यवस्था, आधुनिक सार्वजनिक शौचालय और मौजूदा बस स्टॉप को अपग्रेड किया जाएगा। मार्ग के आसपास पेड़-पौधे, फूलों की क्यारियां, ग्रीन डिवाइडर और आकर्षक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। लोगों के बैठने के लिए सजावटी बेंचों की व्यवस्था भी होगी। परियोजना में दिल्ली गेट के आसपास हेरिटेज इंटरप्रिटेशन पार्क विकसित करने का भी प्रस्ताव है, जहां स्टैच्यू, आकर्षक पैवेलियन, हरित क्षेत्र और पैदल आवाजाही के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, सरकार की परिकल्पना है कि यह कॉरिडोर दिल्ली के इतिहास, विरासत, स्थापत्य कला और आधुनिक शहरी जीवन के बीच एक जीवंत सेतु बने। इस परियोजना के जरिए पुरानी दिल्ली के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थानों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा। हेरिटेज कॉरिडोर के विकसित होने से पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए क्षेत्र को आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस करने की योजना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।