रैपिडो बाइक पर सफर बना जानलेवा, मेडिकल छात्र की मौत के मामले में केस दर्ज

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (02/11/2026): रैपिडो बाइक से सफर के दौरान सड़क हादसे में घायल हुए मेडिकल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 28 अगस्त को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सामने हुआ था। छात्र के पिता ने बाइक चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के साथ हेलमेट नहीं देने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के करीब दो महीने बाद रविवार शाम पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ निवासी अशोक कुमार पांडे का 25 वर्षीय बेटा शुभम पांडे ग्रेटर नोएडा के एक कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था। 28 अगस्त को उसे अपने गांव जाना था। इसके लिए उसने रैपिडो बाइक बुक की थी। बाइक चालक उसे लेकर यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट की तरफ जा रहा था। इसी दौरान गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सामने एक ब्रेकर पर बाइक तेज गति से निकली। आरोप है कि झटके के कारण शुभम बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने घायल छात्र को ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, लंबे समय तक उपचार चलने के बावजूद शुभम की जान नहीं बच सकी और 30 सितंबर को उसने दम तोड़ दिया।

छात्र के पिता अशोक कुमार पांडे ने अपनी शिकायत में बाइक चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताया है। उनका आरोप है कि चालक ने बाइक चलाते समय निर्धारित सावधानियां नहीं बरतीं और उनके बेटे को हेलमेट भी उपलब्ध नहीं कराया था। तेज रफ्तार से बाइक चलाने के कारण ब्रेकर पर यह हादसा हुआ।

घटना के बाद अब रविवार शाम करीब छह बजे पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।