नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी गोली

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Noida News (02 November 2026): नोएडा में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। थाना सेक्टर-63 पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस के मुताबिक, 1 और 2 नवंबर की मध्यरात्रि थाना सेक्टर-63 पुलिस सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। बहलोलपुर अंडरपास से ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर आगे बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।

घायल बदमाशों की पहचान विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू (27), निवासी दिल्ली और राजेश उर्फ ढेडा (38), निवासी बसई, नोएडा के रूप में हुई है। वहीं, कॉम्बिंग के दौरान पुलिस ने उनके दो अन्य साथियों शंकर शर्मा (20), निवासी सुत्याना और कपिल कश्यप (20), निवासी बसई को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घायल आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई है, जो थाना फेस-3 में दर्ज मुकदमा संख्या 395/2025 से संबंधित बताई गई है। गिरफ्तार अन्य दो आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है, जो थाना सेक्टर-49 में दर्ज मुकदमा संख्या 526/2025 से संबंधित है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी आम लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाते थे और सुनसान रास्तों पर ले जाकर उनके साथ लूटपाट कर फरार हो जाते थे। पुलिस जांच में विकास और राजेश का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। विकास के खिलाफ लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 22 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि राजेश के खिलाफ लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट सहित 18 मुकदमों का विवरण सामने आया है। शंकर के खिलाफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े 10 तथा कपिल के खिलाफ दो मुकदमों का उल्लेख पुलिस ने किया है।

फिलहाल घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक मामलों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।