यातायात माह का आगाज: DDRWA फेडरेशन ने उठाए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़े अहम मुद्दे

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (01/11/2026): नोएडा में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस विभाग की ओर से यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन गौतम बुद्ध नगर के अध्यक्ष ठाकुर एनपी सिंह अपनी टीम के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता वाहनों को रवाना किया गया।

कार्यक्रम में डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन ने शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ी जमीनी समस्याओं को पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारियों के सामने रखा। फेडरेशन ने कहा कि नोएडा में लगातार बढ़ते वाहनों और व्यस्त सड़कों के कारण कई प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या बनी रहती है। ऐसे में सेक्टर-37, सेक्टर-57 चौराहा, महामाया फ्लाईओवर, नोएडा एक्सप्रेसवे के प्रवेश मार्ग, सेक्टर-52 यू-टर्न और सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मॉल के आसपास व्यस्त समय में अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानी चाहिए। साथ ही यातायात संचालन में सहयोग के लिए नागरिक स्वयंसेवकों और ट्रैफिक मार्शलों की सेवाएं लेने का प्रस्ताव भी रखा गया।

फेडरेशन ने अवैध पार्किंग और सड़क किनारे होने वाले अतिक्रमण को शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ी बाधा बताते हुए नियमित कार्रवाई की मांग की। बॉटनिकल गार्डन, वेव सिटी सेंटर और सेक्टर-62 मेट्रो स्टेशन के आसपास के साथ होशियारपुर बाजार में अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण के लिए क्रेन और ई-चालान के माध्यम से कार्रवाई करने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा ऑटो, ई-रिक्शा और बसों के चालकों द्वारा मुख्य सड़कों पर ही यात्रियों को उतारने और बैठाने की समस्या का समाधान करने के लिए निर्धारित स्टॉपेज और अलग लेन विकसित करने की आवश्यकता बताई गई।

दिल्ली में गैर-बीएस-6 वाहनों के प्रवेश पर लागू प्रतिबंधों को देखते हुए फेडरेशन ने नोएडा-दिल्ली के प्रमुख प्रवेश मार्गों चिल्ला, डीएनडी और कालिंदी कुंज पर स्पष्ट दिशा-निर्देश तथा मार्ग परिवर्तन संबंधी संकेतक लगाने का सुझाव दिया। प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) की अनिवार्यता और बिना वैध प्रमाणपत्र वाले वाहनों को ईंधन नहीं देने से जुड़े नियमों के प्रति भी लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। फेडरेशन ने इस अभियान में आरडब्ल्यूए के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की पेशकश की।

यातायात ढांचे में सुधार के संबंध में सेक्टर-47 और सेक्टर-107 सहित उन चौराहों पर नए ट्रैफिक सिग्नल शुरू करने की मांग रखी गई, जहां अलग-अलग दिशाओं से वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटना और जाम की आशंका बनी रहती है। खराब पड़े सिग्नलों की समयबद्ध मरम्मत और आधुनिक स्मार्ट सिग्नल व्यवस्था विकसित करने का भी सुझाव दिया गया। इसके साथ ही चिकित्सा आपातकाल के दौरान मरीजों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए शुरू की गई ऑपरेशन फास्ट (Operation FAST) व्यवस्था को प्रभावी बनाने और एम्बुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। फेडरेशन ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 9218891716 और 9971009001 को आरडब्ल्यूए तथा सोसायटी समूहों तक पहुंचाने का सुझाव भी दिया।

यातायात नियमों के पालन को लेकर फेडरेशन ने नाबालिगों द्वारा वाहन और ई-स्कूटर चलाने पर रोक लगाने के लिए स्कूलों और आवासीय सोसायटियों में संयुक्त जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता जताई। साथ ही पूरे नवंबर माह के दौरान विभिन्न सेक्टरों की सोसायटियों में विशेष शिविर आयोजित कर घरेलू सहायकों, वाहन चालकों और अन्य निवासियों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों की जानकारी देने का प्रस्ताव रखा गया। फेडरेशन का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों और आरडब्ल्यूए की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजय कुमार (आईपीएस) उपस्थित रहे। उनके साथ डीसीपी ट्रैफिक अली अब्बास (आईपीएस), डीसीपी नोएडा प्रीति यादव (आईपीएस), डीसीपी सेंट्रल डॉ. प्रवीण रंजन सिंह (आईपीएस), डीसीपी मुख्यालय शैलेन्द्र कुमार सिंह (आईपीएस), एडीसीपी मनीषा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा (पीसीएस), एसीपी ट्रैफिक सौरभ सिंह, कल्पना गुप्ता सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यातायात माह के शुभारंभ के साथ ही शहर में सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित करने का संदेश दिया गया। डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन ने उम्मीद जताई कि पुलिस विभाग और आरडब्ल्यूए के बीच बेहतर समन्वय से नोएडा में जाम, अवैध पार्किंग और यातायात उल्लंघन जैसी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।