किसानों के 10 प्रतिशत आबादी भूखंड, बैकलॉग और रोजगार का मुद्दा उठाएगी भाकियू (कृषक)

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (01/11/2026): किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (कृषक) ने अपनी गतिविधियां तेज करने की रणनीति तैयार की है। संगठन अब तीनों विकास प्राधिकरणों के अंतर्गत आने वाले किसानों की समस्याओं को जनप्रतिनिधियों के सामने उठाएगा। इसके लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है।

रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित संगठन के कैंप कार्यालय में हुई बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय सचिव ऋषिपाल कसाना ने की। इस दौरान 10 प्रतिशत आबादी के भूखंड, लंबित बैकलॉग, युवाओं के लिए रोजगार और अन्य मांगों को लेकर आगे की कार्ययोजना बनाई गई।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों को लेकर अब जनप्रतिनिधियों के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक किसानों की बात पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद जिले की तीनों तहसीलों में किसान पंचायत आयोजित की जाएंगी। इन पंचायतों के जरिए गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करने और किसानों को एकजुट करने पर भी जोर दिया जाएगा।

वहीं, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री विजय भाटी ने न्यू नोएडा परियोजना से प्रभावित किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों की जमीन का अधिग्रहण उचित मुआवजा और उनकी मांगों पर विचार किए बिना नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन किसानों के हितों से जुड़े मामलों में आवाज उठाएगा और जमीन के मुआवजे सहित अन्य समस्याओं को लेकर अपना विरोध दर्ज कराएगा।

विजय भाटी ने बताया कि ऐच्छर सहित चार गांवों के किसानों को मिलने वाले 26 रुपये के मुआवजे से जुड़े मामले और अन्य समस्याओं को लेकर प्राधिकरण स्तर पर बातचीत जारी है। संगठन इन मामलों के समाधान के लिए प्रयास कर रहा है।

बैठक में ऋषिपाल कसाना, हरेंद्र नागर, विजय भाटी, सरजीत नागर, राजीव नागर, विकास नागर, विक्रम भाटी, अनिल नागर, इंद्र रोहिला, नरेश जाट, संजय नागर, सुनील नागर और राहुल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।