ग्रेटर नोएडा पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, कुख्यात अपराधी घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (23 फरवरी 2025): थाना कासना पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच शुक्रवार देर रात सिरसा गोल चक्कर के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।

घायल बदमाश की पहचान बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी दानिश (22) पुत्र अकबर के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके पास से एक बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर बाइक, एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

कई संगीन मामलों में था वांछित
दानिश पर चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की और जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि दानिश एक सक्रिय अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही कई थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हाल के दिनों में उसने कहीं और अपराध को अंजाम दिया है या नहीं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। घायल अपराधी को अस्पताल में भर्ती कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि दानिश की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।