CM योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर निशाना, बोले- देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे कांग्रेस और सपा!

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (01/11/2026): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के चौरी-चौरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में सड़कों पर अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर केंद्र और प्रदेश सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस मोदी सरकार को हटाने के लिए धरना-प्रदर्शन कर रही है।

मुख्यमंत्री चौरी-चौरा में भोपा बाजार रेल पुल के लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर को 1,663 करोड़ रुपये की लागत वाली 88 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि चौरी-चौरा की धरती का देश के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। यहां के क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। ऐसे वीरों के योगदान को याद रखना और उन्हें सम्मान देना सरकार के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है।

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के शासनकाल पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं को पहचान के संकट का सामना करना पड़ता था। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में माफिया और अपराधियों का प्रभाव था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि डबल इंजन की सरकार ने अपराध और माफिया गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में बहन-बेटियों की सुरक्षा और प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

सीएम योगी ने चौरी-चौरा आंदोलन के ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चौरी-चौरा की घटना में 172 लोगों को आरोपी बनाया गया था। उस समय उनकी कानूनी पैरवी के लिए जवाहरलाल नेहरू नहीं पहुंचे, जबकि पंडित मदन मोहन मालवीय ने अधिवक्ताओं के साथ मिलकर उनका पक्ष रखा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस कानूनी प्रयास के चलते 151 लोगों को आरोपों से राहत मिली। उन्होंने कहा कि चौरी-चौरा की क्रांतिकारी घटना का प्रभाव उस समय के राष्ट्रीय आंदोलन पर भी पड़ा था।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, राज्यसभा सांसद संगीता यादव, सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख सुमन यादव, क्षेत्रीय मंत्री विनोद राय और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बेचन राम समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की सुनीं समस्याएं

चौरी-चौरा कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्रों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और शिकायतों का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में एक महिला ने मस्तिष्क आघात से पीड़ित अपने पति के ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता मांगी। इस पर मुख्यमंत्री ने इलाज में हरसंभव सहयोग देने और विवेकाधीन कोष से आर्थिक मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने महिला को आश्वस्त किया कि उपचार में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जमीन पर अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी शिकायतों पर पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एक अन्य बीमार महिला को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने की व्यवस्था करने को कहा। जनता दर्शन में बच्चों के साथ पहुंचीं महिलाओं के बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की और उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।