सेक्टर बीटा-1 में अवैध पीजी और गेस्ट हाउस का मुद्दा जनसुनवाई में उठा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (01/11/2026): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में अवैध रूप से संचालित पीजी और गेस्ट हाउस को लेकर स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताई है। रविवार को आरडब्ल्यूए सेक्टर बीटा-1 की ओर से आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा। निवासियों ने आरोप लगाया कि सेक्टर में कुछ पीजी में रहने वाले छात्र-छात्राओं के व्यवहार और देर रात होने वाली गतिविधियों से आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है।

जनसुनवाई में लोगों ने बताया कि कुछ पीजी बिना उचित नियमों और व्यवस्थाओं के संचालित हो रहे हैं। इनमें रहने वाले कुछ लोगों पर देर रात हंगामा करने, पड़ोसियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। निवासियों का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से सेक्टर का माहौल प्रभावित हो रहा है और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

आरडब्ल्यूए बीटा-1 की अध्यक्ष संगीता शर्मा और महासचिव हरेन्द्र भाटी ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सेक्टर में संचालित पीजी और गेस्ट हाउस की जांच कराई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले और अवैध रूप से चल रहे संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो, ताकि निवासियों को राहत मिल सके।

आरडब्ल्यूए के कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी ने बताया कि संगठन सेक्टर की सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए लगातार काम कर रहा है। प्रत्येक रविवार को आयोजित जनसुनवाई के जरिए लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं और उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाता है। आरडब्ल्यूए ने प्रशासन से शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई करने की अपील की, जिससे सेक्टर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बना रहे।

इस मौके पर देशराज बैसोया, सुरेंद्र बंसल, डीएस सिंह, देव राठौर, महेश कुमार, पुनीत गुप्ता, मनीष अग्रवाल, अश्वनी जैसवाल, सुशील शर्मा, अपूर्व मंडल और प्रेम सिंह सहित अन्य निवासी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।