भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा ने आयोजित किया “गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन-2026”समारोह
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (01/11/2026): भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा की ओर से शनिवार, 31 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल, सिग्मा-1 के सभागार में वार्षिक ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन-2026’ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट योगदान और शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में 20 विद्यालयों के 25 शिक्षकों और कक्षा 6 से 12 तक के 126 प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत संपर्क प्रमुख वेदपाल आर्य मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। वहीं भारत विकास परिषद के प्रांत अध्यक्ष कवित बंसल, प्रांत महासचिव मुक्ता अग्रवाल, अमर उजाला के ब्यूरो चीफ अतुल भारद्वाज, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, शारदा हॉस्पिटल के डॉ. विजय कुमार और IBM के ग्लोबल सर्विस डिलीवरी लीडर डॉ. अजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह की शुरुआत ग्रेड्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा संचारी भट्टाचार्य के संयोजन में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के पूर्ण गायन से हुई। इसके बाद ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल और स्वप्निल एकेडमी के विद्यार्थियों ने नवनीता महेश के निर्देशन में स्वागत गीत और सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए। इस दौरान ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या मंजू कौल रैना सहित चार विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशिष्ट शिक्षा सेवा सम्मान प्रदान किया गया।

भारत विकास परिषद की प्रांत महासचिव मुक्ता अग्रवाल ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि प्रांत अध्यक्ष कवित बंसल ने परिषद की सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी दिलाया।
मुख्य वक्ता वेदपाल आर्य ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने भारतीय शिक्षा व्यवस्था और संस्कृति के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को योग्य, समझदार और अच्छे राष्ट्रभक्त नागरिक बनाना भी होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने हर कार्य को पूरी मेहनत और उत्कृष्टता के साथ करने का आह्वान किया। वहीं अतुल भारद्वाज ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सही और सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी। प्रधानाचार्या मंजू कौल ने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की बात कही।

सम्मान समारोह में 20 विद्यालयों के 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके श्रेष्ठ शिक्षण कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 126 विद्यार्थियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा के पदाधिकारी राजेश बिहारी, राजेंद्र सोनी, राकेश रिखी, पदमा वर्मा, नीरज कौशिक, राजीव जैन, माया, निर्मल, प्रेरणा और राज जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रोफेसर विवेक कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देने के साथ मंच संचालन किया। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू कौल और विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष विवेक अरोरा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. सुरभि तनेजा का विशेष योगदान रहा। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।