राहुल गांधी की अगुवाई में INDIA गठबंधन की महारैली, मिंटो ब्रिज से रामलीला मैदान के लिए रवाना हुए विपक्षी नेता
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (01 नवंबर 2026): दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली को लेकर रविवार को राजधानी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। महारैली में शामिल होने के लिए विपक्षी दलों के नेताओं ने मिंटो ब्रिज से मार्च शुरू किया। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खुली छत वाली गाड़ी में सवार होकर अन्य विपक्षी नेताओं के साथ रैली स्थल की ओर रवाना हुए। मार्च में विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
इस महारैली में INDIA गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, छात्र संगठनों और नागरिक समाज से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई प्रमुख विपक्षी नेताओं के भी रैली में पहुंचने की संभावना जताई गई। गठबंधन के इस आयोजन को विपक्षी दलों के साझा राजनीतिक मंच के रूप में देखा जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मार्च कनॉट प्लेस से आगे बढ़ते हुए मिंटो रोड जंक्शन और अजमेरी गेट के रास्ते रामलीला मैदान पहुंचेगा। राहुल गांधी ने भी लोगों से बड़ी संख्या में महारैली में शामिल होने की अपील की है। रैली को देखते हुए राजधानी के प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा के लिए 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
महारैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मार्च के निर्धारित मार्ग और रामलीला मैदान के आसपास 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की टुकड़ियां तैनात की गई हैं। कार्यक्रम स्थल को 14 अलग-अलग सुरक्षा जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की निगरानी सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) स्तर के अधिकारी करेंगे। इसके जरिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी।

व्यापारिक गतिविधियों को लेकर CTI ने जताई थी चिंता
दूसरी ओर, महारैली के आयोजन को लेकर दिल्ली के व्यापारिक संगठनों ने भी चिंता जाहिर की है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने राहुल गांधी से अपील की थी कि राजनीतिक कार्यक्रमों के कारण राजधानी की व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
इस पर राहुल गांधी ने कहा कि दिवाली, छठ और भाई दूज जैसे त्योहारों के चलते दिल्ली में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने रैली में शामिल होने वाले लोगों से अपील की कि वे विरोध प्रदर्शन और मार्च में भाग लेने के साथ-साथ स्थानीय बाजारों से खरीदारी भी करें, ताकि व्यापारियों को आर्थिक लाभ मिल सके।
फिलहाल, INDIA गठबंधन की इस महारैली को लेकर राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। वहीं, रैली के मद्देनजर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और बाजारों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर प्रशासन के साथ-साथ व्यापारिक संगठनों की भी नजर बनी हुई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।