नोएडा एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 250 से अधिक लोगों से की गई ठगी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (01/11/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में नौकरी पाने की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं को निशाना बनाकर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एयरपोर्ट पर हेल्पर, इलेक्ट्रिशियन समेत विभिन्न पदों पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा देकर 250 से अधिक लोगों से 25 लाख रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने असम की एक युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती बेरोजगार लोगों को आकर्षक नौकरी का लालच देकर उनसे मोटी रकम वसूलती थी।

पुलिस ने आरोपी को नोएडा के सेक्टर-143 स्थित लॉजिक्स ब्लॉसम सोसायटी से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान असम के सोनितपुर जिले के तेजपुर गांव निवासी ब्यूटी बोरबोरह उर्फ निशा के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से सोसायटी में किराये पर रह रही थी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सर्विलांस के जरिए उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई और इसके बाद कार्रवाई की। गिरफ्तार युवती के कब्जे से एक लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिनमें धोखाधड़ी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।

सोशल मीडिया को बनाया ठगी का जरिया

जांच में सामने आया कि आरोपी युवती ‘साइन एजुकेशन’ के नाम से कंपनी संचालित कर रही थी। इसी पहचान की आड़ में उसने सोशल मीडिया पर ‘प्लेसमेंट इंडिया’ नाम से पेज बना रखा था। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से वह एयरपोर्ट में भर्ती की जानकारी देकर नौकरी तलाश रहे युवाओं को अपने संपर्क में लाती थी। उम्मीदवारों को भरोसा दिलाने के लिए उन्हें अलग-अलग कंपनियों के नियुक्ति पत्र भी दिखाए जाते थे, जिससे पूरी प्रक्रिया वास्तविक भर्ती जैसी प्रतीत होती थी।

रजिस्ट्रेशन और ट्रेनिंग के नाम पर वसूली

युवती नौकरी पाने के इच्छुक लोगों से संपर्क स्थापित करने के बाद पंजीकरण और ऑनलाइन प्रशिक्षण का हवाला देती थी। प्रत्येक उम्मीदवार से 20 हजार से 40 हजार रुपये तक जमा कराए जाते थे। शुरुआत में नौकरी मिलने की उम्मीद देकर अभ्यर्थियों को प्रक्रिया में उलझाए रखा जाता था, लेकिन रकम खाते में पहुंचते ही आरोपी उनसे संपर्क करना बंद कर देती थी। इस तरीके से अब तक 250 से अधिक लोगों को निशाना बनाकर 25 लाख रुपये से ज्यादा की रकम वसूली जा चुकी है।

अन्य सहयोगियों और बैंक खातों की जांच में जुटी पुलिस

साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राना के अनुसार, पुलिस अब इस मामले में आरोपी के संभावित सहयोगियों, इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और धोखाधड़ी से जुड़े अन्य डिजिटल माध्यमों की पड़ताल कर रही है। बरामद लैपटॉप और मोबाइल की जांच से ठगी के नेटवर्क के संबंध में अतिरिक्त जानकारी मिलने की उम्मीद है।

यह मामला नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए भी सतर्क रहने का संकेत है। किसी भी एयरपोर्ट, सरकारी परियोजना या बड़ी कंपनी में नियुक्ति के नाम पर अनजान व्यक्ति अथवा सोशल मीडिया पेज के माध्यम से मांगी जाने वाली रकम की पहले आधिकारिक स्तर पर पुष्टि करना जरूरी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।