कांग्रेस की मेगा रैली से दिल्ली में ट्रैफिक पर असर, 1 नवंबर को इन रास्तों पर जाने से बचें

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (31 October 2026): दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को INDI गठबंधन की मेगा रैली होने जा रही है। ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर आयोजित इस रैली को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मध्य दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों और चौराहों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात की स्थिति के अनुसार नेताजी सुभाष मार्ग टी-पॉइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ ए-पॉइंट, अजमेरी गेट रेड लाइट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, तुर्कमान गेट और मीरदर्द चौक पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।

रैली के चलते बहादुर शाह जफर मार्ग पर आईटीओ से दिल्ली गेट के बीच, जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर राजघाट से अजमेरी गेट के बीच और अरुणा आसफ अली रोड पर जाम की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा मिंटो रोड, देश बंधु गुप्ता रोड, बाराखंभा रोड, कमला मार्केट और हमदर्द चौक के आसपास भी यातायात प्रभावित रहने की आशंका है। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने और रैली स्थल के आसपास जाम रोकने के लिए सेंट्रल रेंज में अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और प्रभावित रास्तों से बचें।

ट्रैफिक पुलिस ने आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल के पास एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए अलग रास्ते की व्यवस्था की है। रैली में आने वाले वाहनों के लिए रेलवे पार्किंग क्षेत्र, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की पार्किंग और राजघाट पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, बहादुर शाह जफर मार्ग, राजघाट-जवाहरलाल नेहरू मार्ग, देश बंधु गुप्ता रोड और मिंटो रोड पर बसों की आवाजाही भी नियंत्रित की जा सकती है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। देश बंधु गुप्ता रोड की तरफ से स्टेशन पहुंचने वाले लोग चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्री आईटीओ, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और भवभूति मार्ग के रास्ते स्टेशन पहुंच सकते हैं। गौरतलब है कि INDI गठबंधन ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर यह रैली बुलाई है। गठबंधन की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी। इसके साथ ही दोपहर में मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक मार्च निकालने की योजना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।