सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों ने ली शपथ

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (31/10/2026): देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अजीत कुमार ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता ने देश को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिली। उनके विचार आज भी प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में कार्य करने और आपसी सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।

शपथ के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने देशवासियों के बीच एकता की भावना को मजबूत करने तथा अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से पालन करने का संकल्प लिया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रतिबद्धता भी जताई।

कार्यक्रम में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।